अबूझ पहेली को सुलझाने में जुटे लालू यादव, आखिर कौन है तेज प्रताप का फाइनेंसर?
पटना। पत्नी ऐश्वर्या से तलाक के लिए अर्जी देने के बाद तेज प्रताप यादव परिवार से भी दूरी बना रहे हैं। पटना सिविल कोर्ट में तलाक अर्जी देने के बाद से अब तक वह घर नहीं लौटे हैं। पहले पटना से रांची, उसके बाद गया, काशी विश्वनाथ से लेकर वृंदावन तक घूमने के बाद अब वह पटना में हैं, लेकिन घर नहीं जा रहे हैं। तेज प्रताप की तलाक अर्जी परिवार की बदनामी हो रही है। खुद तेज प्रताप का घर टूट रहा है। इन सभी चिंताओं के साथ पिता लालू प्रसाद यादव को एक बात और समझ नहीं आ रही है और वो यह है कि आखिर तेज प्रताप यादव के खर्चे कौन उठा रहा है। कौन है वो शख्स जो तेज प्रताप के सारे खर्च को फाइनांस कर रहा है? आरजेडी सुप्रीमो बीमार हैं, अस्पताल में भर्ती हैं। वह खुद ज्यादा कुछ नहीं कर सकते हैं, इसलिए उन्होंने अपने विश्वस्तों को तेज प्रताप यादव के फाइनेंसर के बारे में पता लगाने को कहा है।

पार्टी में चर्चा का विषय बना तेज प्रताप का फाइनेंसर
जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है कि आखिर तेज प्रताप यादव का खर्च कौन उठा रहा है। आरजेडी सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद खुद तेजप्रताप के मददगारों की पहचान करने और उन्हें शरण देने वालों के बारे में पता लगा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व तेजप्रताप के इन मददगारों को पार्टी और परिवार के लिए नुकसानदेह मान रही है।

सरकारी घर के लिए आवेदन कर चुके हैं तेज प्रताप यादव
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, तेज प्रताप यादव ने सरकारी आवास के लिए आवेदन कर दिया है। वह पटना में रहकर भी मां राबड़ी देवी के पास नहीं जा रहे हैं। तेज प्रताप यादव महुआ से विधायक हैं और विधायक के तौर पर ही सरकारी आवास के लिए आवेदन भी कर चुके हैं। तेज प्रताप के करीबी सूत्रों का दावा है कि जल्द ही उन्हें सरकारी आवास मिल जाएगा, जिसमें वह पूरे विधि-विधान से पूजन करने के बाद प्रवेश करेंगे।

इस वजह से मां राबड़ी देवी के घर नहीं जा रहे तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव ने मां राबड़ी देवी से फोन पर बात करके शर्त रखी थी कि ओमप्रकाश यादव, नागमणि और विपिन की पार्टी और घर में एंट्री बंद कर दी जाए। ओम प्रकाश यादव और नागमणि तेज प्रताप के मामा के बेटे हैं, जबकि विपिन चंद्रिका राय के पीए हैं।

तलाक के फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव बीते बुधवार को पटना पहुंचे थे। 29 नवंबर को पटना सिविल कोर्ट में उनकी तलाक अर्जी पर बंद कमरे में सुनवाई हुई। तभी से तेज प्रताप यादव ने मीडिया से दूरी बना रखी है। वह बस इतना कह रहे हैं कि तलाक के अपने फैसले पर अडिग हैं और यह उनकी लड़ाई है, जिसे वह अंत तक जरूर लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications