Ranya Rao Case: कौन हैं Tarun Raju? सोना तस्करी केस में फंसे, जानें कोर्ट में क्यों फूट-फूटकर रोईं रान्या राव?
Ranya Rao Gold Smuggling Case: बेंगलुरु में सोना तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में नया खुलासा हुआ है। डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) ने अटरिया होटल (Atria Hotel) के मालिक के पोते तरुण राजू (Tarun Raju) को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव (Ranya Rao) से जुड़े इसी मामले के सिलसिले में हुई है। हाल ही में रान्या को 12.56 करोड़ रुपये के सोने के साथ हिरासत में लिया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, तरुण राजू की सोना तस्करी (Gold Smuggling) में भूमिका सामने आने के बाद उन्हें बेंगलुरु (Bangalore Crime News) से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें विशेष आर्थिक अपराध न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की हिरासत मिली। अधिकारियों को शक है कि रान्या और तरुण करीबी दोस्त थे और दोनों मिलकर विदेशों से सोना तस्करी का काम करते थे। हालांकि, रान्या की शादी के बाद उनकी दोस्ती में दूरी आ गई, लेकिन सोना तस्करी का सिलसिला जारी रहा।

कैसे खुला पूरा मामला?
जांच में पता चला कि जब रान्या दुबई (Dubai) से सोना लेकर आईं, तो उन्होंने तरुण से संपर्क किया था। इसी के आधार पर डीआरआई को तरुण तक पहुंचने में मदद मिली। जब रान्या पहले से हिरासत में थीं, तब तरुण को भी बुलाकर उनसे आमने-सामने पूछताछ की गई।
रान्या राव ने आंशिक रूप से कबूल किया अपराध
रान्या राव कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के पुलिस महानिदेशक रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने माना कि उनके पास से 17 सोने की छड़ें बरामद हुईं। इसके अलावा, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पिछले एक साल में लगभग 30 बार दुबई गई थीं, और इनमें से कई यात्राओं में उन्होंने सोना लाने का काम किया।
डीआरआई की कार्रवाई और बरामदगी
जांच के दौरान अधिकारियों ने रान्या के घर पर छापा मारा, जहां से 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।
रान्या का आरोप - 'मुझे गाली दी गई, धमकाया गया'
10 मार्च, सोमवार को अदालत में सुनवाई के दौरान रान्या ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा, 'जब भी मैं जवाब देने से इनकार करती, वे मुझे धमकाते थे और गालियां देते थे।' हालांकि, जांच अधिकारी ने कोर्ट में साफ किया कि रान्या ने खुद ही कई सवालों का जवाब नहीं दिया और जब सबूत दिखाए गए, तब भी चुप रहीं।
अदालत में भावुक हुईं रान्या
कोर्ट में पेशी के दौरान जब जज ने उनसे पूछा कि उन्होंने अपने वकील को प्रताड़ना के बारे में क्यों नहीं बताया, तो रान्या फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे दबाव में दस्तावेजों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर कराए गए। अब इस मामले की जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों को शक है कि इस सोना तस्करी गिरोह के और भी सदस्य हो सकते हैं, जिनका जल्द ही पर्दाफाश हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications