कौन हैं एयर हॉस्टेस से CSP बनी नेहा पच्चीसिया? ऐसा क्या किया कि CM को देना पड़ा सस्पेंशन का आदेश?
Neha Pachisia: मध्य प्रदेश के कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया इन दिनों एक मामले को लेकर चर्चा में हैं। जमीन के कथित विवादित सौदे और वसूली के आरोपों से जुड़े मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निलंबन के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद लोगों की नजर इस बात पर भी है कि आखिर नेहा पच्चीसिया कौन हैं और पुलिस अधिकारी बनने से पहले वह क्या करती थीं?
खास बात यह है कि पुलिस सेवा में आने से पहले नेहा पच्चीसिया एयर इंडिया (Air India) में एयर होस्टेस के तौर पर काम कर चुकी हैं। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर MPPSC की तैयारी की और परीक्षा पास कर पुलिस अधिकारी बनीं। कटनी में पोस्टिंग के दौरान उन पर पहले भी वसूली से जुड़ा आरोप लग चुका है।

कौन हैं नेहा पच्चीसिया? एयर होस्टेस से पुलिस अधिकारी तक का सफर
नेहा पच्चीसिया की कहानी दूसरे पुलिस अधिकारियों से थोड़ी अलग है। पुलिस सेवा में आने से पहले वह एयर इंडिया में एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थीं। कुछ समय बाद उन्होंने एविएशन सेक्टर की नौकरी छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा की तैयारी शुरू की। मेहनत के बाद उन्होंने MPPSC की परीक्षा पास की और पुलिस सेवा में अधिकारी बनीं। इसके बाद अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए वह कटनी में CSP के पद तक पहुंचीं।
ये भी पढ़ें: 500 की रिश्वत पर ज्ञान देने वाले राहुल बंसल ने खुद घूंस में लिए 1 करोड़? IPS साहब का वीडियो हुआ वायरल
तेज-तर्रार अफसर के तौर पर बनी पहचान
पुलिस सेवा में आने के बाद नेहा पच्चीसिया अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में रही हैं। कटनी में CSP के तौर पर तैनाती के दौरान उन्होंने कई मामलों में पुलिस कार्रवाई की। हालांकि, इसी दौरान उनका नाम विवादों में भी आया। हालिया जमीन मामले के अलावा उन पर पहले भी एक ट्रांसपोर्टर ने कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया था। कटनी में तैनाती के दौरान एक ट्रांसपोर्टर ने नेहा पच्चीसिया पर 25 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया था।
ट्रांसपोर्टर ने इस संबंध में कटनी एसपी से शिकायत की थी। शिकायत सामने आने के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया था। इसके अलावा उनके सरकारी ड्राइवर को भी निलंबित किया गया था। हालांकि, बाद में ट्रांसपोर्टर ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
जमीन विवाद ने बढ़ाई मुश्किलें
अब नेहा पच्चीसिया एक जमीन सौदे से जुड़े मामले को लेकर फिर सुर्खियों में हैं। शिकायतकर्ता आकाश लोधी ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार पर दबाव बनाकर कन्हवारा गांव की करीब 2.15 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। शिकायत के अनुसार, जमीन का सौदा करीब 1.07 करोड़ रुपये में तय हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री करीब 18.20 लाख रुपये में कराई गई। सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमत करीब 82.86 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि परिवार को 15 लाख रुपये का चेक और 3.20 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि बाकी रकम का भुगतान नहीं किया गया।
हत्या के केस से जुड़ा है मामला
जमीन विवाद का संबंध शिकायतकर्ता के पिता रमेश लोधी से जुड़े हत्या के मामले से बताया गया है। आकाश लोधी ने आरोप लगाया कि उनके पिता की गिरफ्तारी के बाद परिवार पर जमीन बेचने का दबाव बनाया गया। शिकायत में यह भी दावा किया गया कि रमेश लोधी को कथित तौर पर दो दिन तक CSP के घर में रखा गया और दबाव बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। ये सभी आरोप शिकायत में लगाए गए हैं। इनकी सच्चाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
तीन लोगों पर FIR
जांच के बाद कटनी के कुठला थाने में नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। मामले में क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी, दबाव बनाने और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जांच में जमीन के भुगतान से जुड़े बैंक लेनदेन की जानकारी भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, जमीन के बदले दिए गए 15 लाख रुपये के चेक से जुड़ी रकम क्षितिज राज के खाते से मारूफ अहमद हनफी के खाते में ट्रांसफर हुई थी।
हाईकोर्ट भी पहुंची थीं नेहा
अपने खिलाफ दर्ज मामले को लेकर नेहा पच्चीसिया ने हाईकोर्ट का भी रुख किया था। हालांकि, उन्हें वहां से फिलहाल राहत नहीं मिली है। अब उनके खिलाफ दर्ज FIR, जमीन सौदे से जुड़े आरोप और कथित वसूली के पुराने मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। नेहा पच्चीसिया पर लगाए गए आरोप अभी जांच के दायरे में हैं और आरोप साबित होना बाकी है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं IAS तुकाराम मुंढे, जिनके नाम से खौफ खाते हैं अपराधी! 21 साल में 25 ट्रांसफर, हाईकोर्ट में भी मारी रेड?


Click it and Unblock the Notifications
