कौन है मैडम माया? जिसपर आंख मूंदकर लॉरेंस करता रहा भरोसा! सौंपी थी फिरौती से लेकर गुर्गों की कमान
Lawrence Bishnoi Madam Maya: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म 'खिलाड़ियों का खिलाड़ी' में दिखाई गई 'मैडम माया' को कोई कैसे भूल सकता है। इस किरदार ने माफिया की दुनिया में अपने खतरनाक अंदाज से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब यह कहानी रील से निकलकर रियल लाइफ में सच होती दिख रही है। जयपुर पुलिस ने 'मैडम माया', को गिरफ्तार किया है।
यह महिला डॉन लॉरेंस बिश्नोई गैंग की अहम सदस्य थी और गैंग के लिए फिरौती से लेकर जेल में बंद गैंग के गुर्गों तक हर गुप्त संदेश पहुंचने का जिम्मा संभालती थी। लॉरेंस से नजदीकी के चलते मैडम माया का खौफ गैंग में सभी गुर्गों में नजर आता था। आइए आपको रूबरू कराते हैं जरायम की दुनिया की असली 'मैडम माया' से...

Madam Maya Criminal History: 'मैडम माया' का अपराध की दुनिया में सफर
सीमा उर्फ रेणु, जिसे गैंग में 'मैडम माया' के नाम से जाना जाता है, बीते दो सालों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रही थी। इसका मुख्य काम जेल में बंद गुर्गों से संपर्क साधना, गैंग के लिए रंगदारी वसूलना, और जरूरत पड़ने पर फायरिंग जैसे अपराधों की योजना बनाना था। पुलिस के मुताबिक, जब लॉरेंस बिश्नोई उर्फ बालकरण बरार की जेल से सीधी कॉल नहीं हो पाती थी, तो यह महिला खुद जेल जाकर निर्देश लेती थी। हाल ही में, जयपुर पुलिस ने इसे गिरफ्तार किया है और पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
लॉरेंस गैंग की खजांची 'माया', दिल्ली से दबोची गई
जयपुर पुलिस की संजय सर्किल थाना टीम ने 'मैडम माया' को दिल्ली से गिरफ्तार किया। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर हरिओम की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में पता चला है कि वह गैंग की फाइनेंस और ऑपरेशन्स को संभालती थी।
गैंगस्टर्स की फिरौती वसूली का पूरा हिसाब 'मैडम माया' के पास होता था। जो कारोबारी फिरौती देने से इनकार करते थे, उनके खिलाफ फायरिंग या अन्य गंभीर कदम उठाने की जिम्मेदारी भी उसी पर होती थी। पुलिस ने 'मैडम माया' के साथ अन्य 3 सदस्यों को दबोचा है। मैडम माया के खिलाफ जयपुर समेत दिल्ली और हरियाणा में कई मामले दर्ज है।
माया के बाद लॉरेंस का शार्प शूटर दबोचा गया
इसके अलावा, हरियाणा के सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट ने लॉरेंस गैंग के शार्प शूटर अंकित सेरसा के 7 साथियों को भी गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों पर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े होने का भी आरोप है। इनके पास से 4 पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशों की योजना जयपुर के एक व्यापारी पर हमला करने की थी।
ये भी पढ़ें- Lawrence Bishnoi: पाकिस्तान और पंजाब के बीच राजस्थान में पनप रहे 'शैतान'! कैसे पग-पग बिछी लॉरेंस की बिसात?
'मैडम माया' का गैंग में कद
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए 'मैडम माया' एक महत्वपूर्ण सदस्य थी। लॉरेंस बिश्नोई, जो इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, अपने संदेश और आदेश 'मैडम माया' के जरिए ही गुर्गों तक पहुंचाता था। उसका काम न केवल गैंग का प्रबंधन करना था, बल्कि जेल में बंद अपराधियों की जमानत और तबादले जैसे मामलों को भी देखना था। किस गुर्गे को कब, कैसे और कौन जमानत दिलाएगा इसकी सारी प्लानिंग 'मैडम माया' ही करती थी।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की योजना
फिलहाल 'मैडम माया' रिमांड पर है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इससे लॉरेंस गैंग के कई और राज खुल सकते हैं। पुलिस इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सक्रिय है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
'मैडम माया' की गिरफ्तारी ने यह साबित कर दिया है कि अपराध की दुनिया में महिला अपराधी भी खतरनाक भूमिका निभा सकती हैं। जयपुर पुलिस की यह कार्रवाई लॉरेंस गैंग की गतिविधियों को रोकने में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अब देखना यह है कि पुलिस की पूछताछ से गैंग के कितने और चेहरे बेनकाब होते हैं।
ये भी पढ़ें- Anmol Bishnoi News: गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल की US कस्टडी में बड़ा खुलासा, भारत से नहीं जुड़ा है मामला!












Click it and Unblock the Notifications