Who is Kshitij Tyagi: जेनेवा में पाकिस्तान की उड़ाई धज्जियां! कौन हैं भारतीय IFS अधिकारी क्षितिज त्यागी?
Kshitij Tyagi: संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष मजबूती से रखने वाले क्षितिज त्यागी इन दिनों चर्चा में हैं। जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर के रूप में कार्यरत त्यागी ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 58वें सत्र में पाकिस्तान को करारा जवाब दिया।
उन्होंने पाकिस्तान को "अंतरराष्ट्रीय मदद पर जीने वाला विफल देश" करार दिया और उसकी सरकार और सैन्य तंत्र को झूठ फैलाने के लिए फटकार लगाई। आइए एक नजर डालते हैं क्षितिज त्यागी और उनकी उप्लब्धियों पर...

कौन हैं क्षितिज त्यागी?
क्षितिज त्यागी भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 2012 बैच के अधिकारी हैं। अपने करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कूटनीतिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वह जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले, वह एक साल तक स्थायी मिशन में फर्स्ट सेक्रेटरी के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: Donald Trump ने Kim Jong Un को 'रॉकेट मैन' से बताया 'स्मार्ट-Guy', कहा- 'हम घुल-मिल गए...वो कट्टरपंथी नहीं'
शिक्षा की बात करें तो त्यागी ने प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर से थर्मल एनर्जी और पर्यावरण इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने देश की सेवा के लिए भारतीय विदेश सेवा (IFS) को चुना और अपने कूटनीतिक कौशल से भारत की प्रतिष्ठा को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।
UN में पाकिस्तान को करारा जवाब
जिनेवा में UNHRC के 58वें सत्र में जब पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया, तो क्षितिज त्यागी ने अपनी बेबाकी और तीखे तर्कों से पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान के नेता और प्रतिनिधि अपनी सेना और आतंकवादी संगठनों से मिले झूठ को लगातार फैलाते रहते हैं।"
उन्होंने पाकिस्तान को यह भी याद दिलाया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने असाधारण राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति की है, जो इस क्षेत्र के विकास और स्थिरता का प्रमाण है।
OIC पर भी साधा निशाना
त्यागी ने पाकिस्तान पर इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "OIC को पाकिस्तान एक मुखपत्र की तरह इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन इससे कोई बेवकूफ नहीं बन रहा।" उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत को पाकिस्तान के इस प्रोपेगेंडा में कोई रुचि नहीं है, लेकिन सच्चाई को सामने रखना जरूरी है।
भारत की कूटनीतिक ताकत का अहम चेहरा
राजनयिक सेवा में अपने 12 वर्षों के अनुभव में क्षितिज त्यागी कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी सख्त और स्पष्ट विदेश नीति को लेकर पहचान बन चुकी है। उन्होंने पाकिस्तान को यह भी नसीहत दी कि वह भारत पर ध्यान देने के बजाय अपने देश की समस्याओं का समाधान निकाले।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान को अपने लोगों को अच्छी सरकार और न्याय देने पर ध्यान देना चाहिए, न कि भारत के मामलों में अनावश्यक दखल देना चाहिए।"
क्षितिज त्यागी की कूटनीतिक शैली
क्षितिज त्यागी उन युवा भारतीय राजनयिकों में से एक हैं, जो दृढ़ता और तर्कपूर्ण संवाद के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष मजबूती से रखते हैं। उनकी स्पष्टवादिता और दमदार शैली ने उन्हें भारत की कूटनीति का एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया है।
संयुक्त राष्ट्र में उनका हालिया भाषण इस बात का उदाहरण है कि भारत अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से खड़ा है और क्षितिज त्यागी जैसे राजनयिक इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: कश्मीर मुद्दे पर UNHRC में भारत ने पाकिस्तान की लगाई लताड़, पानी मांगते दिखे पाकिस्तानी प्रतिनिधि












Click it and Unblock the Notifications