कौन हैं कैलाश गहलोत? कितनी संपत्ति के हैं मालिक, जिन्होंने दिल्ली चुनाव से पहले छोड़ी केजरीवाल की पार्टी AAP
Kailash Gahlot: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए गृह एवं परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार 17 नवंबर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। नजफगढ़ से दो बार विधायक रह चुके कैलाश गहलोत ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने इस्तीफे की घोषणा की।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को संबोधित एक पत्र में कैलाश गहलोत ने कहा, ''दिल्ली के मंत्री और विधायक के तौर पर जनता की सेवा का मौका देने के लिए आपका शुक्रिया। लेकिन मैं आपसे यह कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी को आज भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के बजाय राजनीति हावी हो गई है। कई सारे वादे अधूरे हैं।''

ये भी पढ़ें- कैलाश गहलोत ने छोड़ा AAP का साथ, पार्टी के भीतर के कलह का दिया हवाला, जानिए उनके करियर से जुड़ी खास बातें
कैलाश गहलोत ने अपने इस्तीफे पत्र में यमुना नदी की सफाई से लेकर शीशमहल विवाद तक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों पर लड़ने के बजाय हम केवल राजनीतिक एजेंडे पर लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री आतिशी ने गहलोत का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
इस बीच आप के सूत्रों ने बताया कि कैलाश गहलोत पर भाजपा की ओर से दबाव था क्योंकि उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग की जांच चल रही है। अपने इस्तीफे के बाद से कैलाश गहलोत चर्चा में आ गए हैं। आइए जानें कैलाश के बारे में सबकुछ?
ये भी पढ़ें- Delhi AAP Politics: कैलाश गहलोत के बाद अगला कौन? क्या संजीव झा भी छोड़ सकते हैं AAP?
Who is Kailash Gahlot: कौन हैं कैलाश गहलोत?
- कैलाश गहलोत फरवरी 2015 से नजफगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधानसभा के सदस्य हैं। अपनी कानूनी सूझबूझ और सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाने वाले कैलाश गहलोत पहली बार तब चर्चा में आए जब उन्होंने लगभग एक दशक पहले दिल्ली विधानसभा चुनावों में अपनी सीट सुरक्षित की।
- कैलाश गहलोत का कद AAP के भीतर जल्दी बढ़ा, 2017 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। अपने कार्यकाल के दौरान, वे गृह, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशासनिक सुधार और महिला एवं बाल विकास सहित कई तरह के विभागों के लिए जिम्मेदार थे।
- नजफगढ़ के मितरांव गांव में 1974 में जन्मे कैलाश गहलोत किसान पृष्ठभूमि से आते हैं और अपने कानूनी करियर के दौरान उन्होंने किसानों के अधिकारों से जुड़े कई मामलों का प्रतिनिधित्व किया है।
- कैलाश गहलोत ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ आर्ट्स, बैचलर ऑफ लॉ, मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री हासिल की थी। कैलाश गहलोत की पत्नी का नाम मौसमी मिश्रा गहलोत है। उनकी दो बेटियां हैं।

- कैलाश गहलोत देश के जाने-माने वकील भी हैं। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में वकील के रूप में भी काम किया है। कैलाश गहलोत को कानूनी प्रैक्टिस का 16 साल का अनुभव है। उन्हें 2005 से 2007 तक दिल्ली हाई कोर्ट के बार एसोसिएशन में कार्यकारी सदस्य के तौर पर चुना गया था।
- कैलाश गहलोत ने केजरीवाल और आतिशी दोनों के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्य किया, जिसमें परिवहन, राजस्व, प्रशासनिक सुधार, सूचना और प्रौद्योगिकी, कानून, न्याय और विधायी मामले और महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले।
- कैलाश गहलोत ने 2023 में दिल्ली का बजट भी पेश किया था, जब डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद उन्हें वित्त विभाग सौंपा गया था।
- कैलाश गहलोत ने दिल्ली में कई प्रमुख परियोजनाओं के कार्यान्वयन का नेतृत्व किया,'पिंक पास योजना', 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना', 'इलेक्ट्रिक वाहन नीति', 'बस मार्शल', महिलाओं की सुरक्षा के लिए बसों में हाई-टेक सुरक्षा प्रणाली की शुरुआत और महिला बस चालकों की शुरुआत जैसे काम।
Kailash Gahlot Net Worth: कैलाश गहलोत की संपत्ति?
- कैलाश गहलोत करोड़ो की संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे (2020) के मुताबिक कैलाश गहलोत के पास कुल संपत्ति 46 करोड़ रुपये है। कैलाश गहलोत के पास 6 करोड़ का लोन है।
- 2015 के चुनावी हलफनामे में कैलाश गहलोत ने अपनी संपत्ति 37 करोड़ रुपये बताई थी। उस वक्त उनपर 8 करोड़ की देनदारी थी।
- कैलाश गहलोत की कमाई का जरिया उनका पेशा वकालत है। इसके अलावा वो बिजनेस भी करते हैं। कैलाश गहलोत ने कई जगहों पर निवेश भी किया है।












Click it and Unblock the Notifications