IAS Varnali Deka: कौन हैं वो लेडी IAS? जिसके पोस्ट पर इमोजी पोस्ट करना गुनाह! 200KM तक कोर्ट के कटवाए चक्कर
Who is IAS Varnali Deka: सोचिए, अगर आपको सिर्फ एक इमोजी पर प्रतिक्रिया देने के लिए 200 किलोमीटर का सफर तय करना पड़े, तो आपको कैसा लगेगा? असम में ऐसा ही एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति को फेसबुक पर एक आईएएस अधिकारी की पोस्ट पर हंसने वाली 'इमोजी' देने की वजह से कोर्ट तक जाना पड़ा।
मामला इतना बढ़ा कि उसे जमानत लेने के लिए 200 किलोमीटर दूर कोकराझार जिला अदालत के चक्कर तक काटने पड़े। आपको बता दें कि IAS वर्णाली डेका एक तेज-तर्रार और सख्त अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। आइए जानते हैं कौन हैं आईएएस अधिकारी? आखिर क्या है मामला?

क्या है पूरा मामला?
असम के नलबाड़ी जिले की डिप्टी कमिश्नर और आईएएस अधिकारी वर्णाली डेका ने तीन लोगों के खिलाफ साइबर स्टॉकिंग (ऑनलाइन पीछा करने) और यौन अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज कराया था। दरअसल, सब कुछ एक फेसबुक कमेंट से शुरू हुआ। 2023 में नरेश बरुआ ने वर्णाली डेका की एक फेसबुक पोस्ट पर कमेंट किया कि 'आज मेकअप नहीं है, मैडम?' इस कमेंट पर अमित चक्रवर्ती ने हंसने वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। इस पर आईएएस अधिकारी डेका ने जवाब दिया कि आपकी समस्या क्या है? इसके तुरंत बाद, डेका ने कोकराझार पुलिस स्टेशन में तीनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी।
क्या हुआ इसके बाद?
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने इन तीनों लोगों के खिलाफ जांच शुरू की। मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354D (साइबर स्टॉकिंग) और 354A (यौन उत्पीड़न) का हवाला दिया गया। आईएएस अधिकारी ने आरोप लगाया कि यह अपमानजनक और यौन रूप से रंगीन टिप्पणी है। मैं आपके खिलाफ शिकायत दर्ज करा रही हूं। जनवरी 2024 में पुलिस ने अमित चक्रवर्ती को थाने बुलाया, लेकिन उसे यह नहीं बताया गया कि आखिर उसके खिलाफ क्या आरोप हैं। जब उन्होंने जानकारी मांगी, तो पुलिस ने बस इतना कहा कि उनके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है।
200 किलोमीटर का सफर और कोर्ट से जमानत
इस मामले में कोर्ट में पेश किए गए सबूतों में फेसबुक चैट के स्क्रीनशॉट शामिल थे। अमित चक्रवर्ती ने क्या कहा? "मैंने सिर्फ हंसने वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी थी। मुझे पता ही नहीं था कि डेका आईएएस अधिकारी हैं। अब सिर्फ एक इमोजी के लिए मुझे कोर्ट जाकर जमानत लेनी पड़ी। यह भी कहा कि एक अधिकारी को इतनी छोटी सी बात पर इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी? आखिरकार, चक्रवर्ती को अदालत से सशर्त जमानत मिल गई, लेकिन इसके लिए उसे 200 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ी।
आरोपियों के नाम क्या?
- अमित चक्रवर्ती
- नरेश बरुआ
- अब्दुल सुबुर चौधरी
Who is IAS Varnali Deka: कौन हैं IAS वर्णाली डेका?
असम की IAS अधिकारी वर्णाली डेका नलबाड़ी जिले की डिप्टी कमिश्नर (DC) के रूप में कार्यरत हैं। वर्णाली डेका का जन्म 15 फरवरी 1979 को गुवाहाटी, असम में हुआ था। वे पढ़ाई में शुरू से ही होनहार थीं। वर्णाली डेका ने 2008 में UPSC परीक्षा पास की थी और पहली बार में ही उन्हें IPS अधिकारी के रूप में चुना गया। लेकिन उनका सपना हमेशा से IAS बनने का था। इसलिए उन्होंने 2009 में दोबारा परीक्षा दी और IAS रैंक हासिल की।
शिक्षा:
- B.Tech - बैंगलोर से कंप्यूटर साइंस में
- MBA - IIT बॉम्बे से
UPSC परीक्षा का सफर:
- पहला प्रयास (2008) - IPS रैंक मिली
- दूसरा प्रयास (2009) - ऑल इंडिया रैंक 16 के साथ IAS बनीं
IAS Varnali Deka Controversies: कब-कब विवादों में फंसी IAS अधिकारी
- 24 जनवरी 2024- स्वतंत्रता सेनानियों के लिए कुछ चीजों की खरीद से जुड़ी घटना के बाद अपर्णा सरमा ने कहा कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया।
- 7 मई 2024 - IAS डेका ने लोकसभा चुनाव के दौरान अपर्णा सरमा को ड्यूटी पर अपमानजनक भाषा में डांटा।
- अदालत ने जांच के आदेश दिए - कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए IAS डेका के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया।
क्या कहना है सोशल मीडिया पर लोगों का?
यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोग कह रहे हैं कि फेसबुक पर इमोजी डालना अब अपराध बन गया है? कुछ का मानना है कि अगर कोई अधिकारी ऐसा महसूस करता है कि उसकी गरिमा को ठेस पहुंची है, तो उसे कार्रवाई करने का अधिकार है।
सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां लोग खुलकर अपनी राय रखते हैं, लेकिन यह मामला यह बताता है कि कभी-कभी एक छोटी सी चीज भी बड़े कानूनी विवाद में बदल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications