CM पटनायक ने 51 वर्षीय आदिवासी शख्स को दिया राज्यसभा टिकट, जानिए कौन हैं निरंजन बिशी
अपने ही आलोचक 51 वर्षीय आदिवासी शख्स को पटनायक ने दिया राज्यसभा टिकट, जानिए कौन हैं निरंजन बिशी
भुवनेश्वर, 30 मई: बीजू जनता दल (बीजद) ने एक आदिवासी कार्यकर्ता निरंजन बिशी को राज्यसभा का टिकट दिया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक बार फिर अपने इस फैसले से सबको चौंका दिया है। आदिवासी कार्यकर्ता निरंजन बिशी को राज्यसभा टिकट दिए जाने को लेकर किसी ने सोचा ही नहीं था। दो दिन पहले में निरंजन बिशी को बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल किया गया था। पार्टी ने ऊपरी सदन की चार खाली सीटों के लिए निरंजन बिशी के अलावा सस्मित पात्रा, सुलता देव और मानस मंगराज को उम्मीदवार घोषित किया। हालांकि सस्मित पात्रा, सुलता देव और मानस मंगराज के नामों की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही थीं, निरंजन बिशी के नाम ने सबको हैरान कर दिया है। आइए जानें कौन हैं निरंजन बिशी?

कौन हैं निरंजन बिशी, जिनको ओडिशा से मिला राज्यसभा टिकट
निरंजन बिशी ओडिशा के बलांगिर जिले में एक बिजली वितरण कंपनी में काम करने वाले 51 वर्षीय आदिवासी कार्यकर्ता और एकाउंटेंट हैं। निरंजन बिशी पिछले कई सालों से बलांगिर कालाहांडी, संबलपुर और अन्य पश्चिमी ओडिशा जिलों आदिवासियों के हक और आदिवासी संगठन के लिए काम कर रहे हैं। निरंजन बिशी पश्चिम ओडिशा आदिवासी कल्याण महासंघ के महासचिव हैं। इसके अलावा निरंजन बिशी फर्जी जाति प्रमाण पत्र के खिलाफ आंदोलन में भी शामिल थे।

CM पटनायक के आलोचक रहे हैं निरंजन बिशी
पश्चिम ओडिशा आदिवासी कल्याण महासंघ के महासचिव निरंजन बिशी कभी भी बीजद के सदस्य नहीं थे और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के तीखे आलोचक भी रहे हैं। निरंजन बिशी ने पिछले कुछ वर्षों में सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।
इस साल की शुरुआत में पंचायत चुनावों से ठीक पहले, बिशी ने सरकार के 30 में से 23 जिलों में सरपंच पद के लिए आदिवासियों के लिए आरक्षण नहीं करने के सरकार के कदम की अत्यधिक आलोचना की थी। उनके संगठन ने सरकार पर आदिवासियों की कीमत पर ओबीसी का तुष्टिकरण करने का आरोप लगाते हुए बोलनगीर में जिला कलेक्टर के कार्यालय का 5 घंटे तक घेराव किया था। उन्होंने बीजद के सामाजिक बहिष्कार का भी आह्वान किया था और धमकी दी थी कि बीजद के किसी भी नेता को गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

राज्य सभा टिकट मिलने पर क्या बोले निरंजन बिशी
ओडिशा के स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बीजद नेता निरंजन बिशी ने कहा,''मैंने आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी और उनके उत्थान के लिए काम किया। अब चूंकि मुझे सीएम नवीन पटनायक द्वारा राज्यसभा के उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया है, मैं सभी जिम्मेदारियों को निभाऊंगा और सरकारी योजनाओं को उनके दरवाजे तक ले जाऊंगा।''

निरंजन बिशी को राज्यसभा टिकट मिलने पर क्या बोले आदिवासी नेता
बलांगिर के आदिवासी नेता गंगाधर मांझी ने कहा कि सारा आदिवासी बिशी को चुनकर सरकार पश्चिमी ओडिशा के आदिवासियों को अपनी मंशा के बारे में संदेश भेज रही है। गंगाधर मांझी ने कहा, एक आदिवासी को चुनकर, बीजद अपनी ही पार्टी के राजघरानों के साथ-साथ भाजपा पर भी प्रहार करने की कोशिश कर रही है, जिनका पिछले 6 दशकों से बोलांगीर की राजनीति पर दबदबा है। चूंकि लोकसभा चुनाव 2 साल से भी कम समय में हैं, बीजद पश्चिमी ओडिशा के आदिवासियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जहां भाजपा ने 2019 के चुनावों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था।''












Click it and Unblock the Notifications