कौन हैं 124 साल की ‘मिंता देवी’? जिनकी फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर प्रियंका गांधी ने सांसदों संग किया प्रदर्शन
INDIA Bloc Protests T-shirts: संसद के बाहर विपक्षी गठबंधन INDIA bloc का विरोध प्रदर्शन मंगलवार, 12 अगस्त को भी तेज रहा। बिहार में कथित वोटर फ्रॉड (Bihar Voter List Fraud) और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों के नेता एकजुट होकर संसद परिसर के बाहर पहुंचे और सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
इस विरोध की सबसे खास और चर्चित बात यह रही कि कई वरिष्ठ नेताओं ने एक जैसी सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर बिहार की एक महिला मतदाता 'मिंता देवी' (Minta Devi) की तस्वीर छपी हुई थी।

यह वही मिंता देवी हैं, जिनका नाम हाल ही में बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनकी उम्र 124 साल के साथ दर्ज होने पर सुर्खियों में आया था। विपक्ष का दावा है कि यह पूरी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और फर्जीवाड़ा हुआ है, जो SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कौन हैं 'मिंता देवी'? Who is Minta Devi
मिंता देवी बिहार के कटिहार जिले की रहने वाली एक महिला मतदाता हैं। हाल ही में जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनकी उम्र 124 साल दर्ज की गई है। यह उम्र दुनिया की सबसे बुजुर्ग दर्ज महिला (115 साल) से भी 9 साल अधिक है। विपक्ष का कहना है कि यह सिर्फ एक साधारण गलती नहीं, बल्कि मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ी और संभावित फर्जीवाड़े का साफ सबूत है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब राहुल गांधी ने संसद में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने अपने प्रेजेंटेशन में मिंटा देवी की वोटर लिस्ट का स्क्रीनशॉट दिखाते हुए कहा कि यह चुनाव आयोग की लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है। राहुल गांधी का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं, जिससे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल उठता है।
Opposition protest India: विरोध प्रदर्शन और टी-शर्ट राजनीति
सोमवार, 11 अगस्त को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई INDIA ब्लॉक सांसद संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च करने निकले, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही हिरासत में ले लिया।
इस घटना के अगले दिन मंगलवार को, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य सांसद संसद के बाहर मिंटा देवी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर विरोध करने पहुंचे। विपक्ष का कहना है कि यह तस्वीर इस बात का प्रतीक है कि बिहार में मतदाता सूची में किस तरह की गड़बड़ियां हुई हैं।
संसद में गतिरोध और SIR पर घमासान
इस मुद्दे को लेकर संसद की कार्यवाही भी प्रभावित हुई। विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि चुनाव आयोग इस मामले में तुरंत दखल दे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे। वहीं, सत्ता पक्ष ने इन आरोपों को राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कहा कि विपक्ष जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहा है।
विपक्ष का कथित वोट चोरी का दावा
INDIA ब्लॉक का कहना है कि मिंटा देवी का मामला केवल एक उदाहरण है। बिहार के अन्य इलाकों में भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां उम्र, नाम या पते में गड़बड़ी दर्ज है।
विपक्ष का आरोप है कि यह सब वोटर लिस्ट में हेरफेर कर चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा है। फिलहाल, चुनाव आयोग ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं, लेकिन विपक्ष इस पर ठोस कदम उठाने की मांग पर अड़ा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications