'जिंदगी चक्रव्यूह है और मैं अभिमन्यु...', UP की DSP श्रेष्ठा ठाकुर का दर्द, पति के धोखे से टूट गई थीं अफसर
DSP Shrestha Thakur: उत्तर प्रदेश के शामली में तैनात महिला डिप्टी एसपी श्रेष्ठा ठाकुर चर्चाओं में हैं। श्रेष्ठा ठाकुर अपने साथ हुए वैवाहिक धोखाधड़ी मामलों को लेकर खबरों में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने पूर्व पति रोहित राज और उनके पिता-भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

श्रेष्ठा ठाकुर 2012 बैच की पीपीएस (PPS) अधिकारी हैं। उन्होंने साल 2018 में रोहित राज नाम के शख्स से शादी की थी। शादी के वक्त रोहित राज ने बताया था कि वो एक आईआरएस (IRS) अधिकारी है। लेकिन शादी के चंद दिनों बाद ही श्रेष्ठा के सामने सच आ गया था। जिससे वो पूरी तरह टूट गई थीं।
श्रेष्ठा ठाकुर के नाम पर फर्जी पति कर रहा ठगी!
हाल ही में श्रेष्ठा ठाकुर ने गाजियाबाद में अपने पूर्व पति रोहित राज, ससुर शरण सिंह और रोहित के भाई संजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। रोहित मूलरूप से बिहार के नवादा जिले का है फिलहाल रोहित गाजियाबाद में रह रहा है।
श्रेष्ठा ठाकुर ने एफआईआर में रोहित राज पर फर्जी आईआरएस अधिकारी बनकर उससे शादी करने और लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाया है। गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
श्रेष्ठा ठाकुर ने कहा है कि रोहित राज सिंह ने न केवल झूठ बोलकर उनसे शादी की, बल्कि पुलिस में नौकरी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की और वसूली की। यहां तक की उनसे भी 15 लाख रुपये ठगे हैं।
जब तलाक के बाद छलका था श्रेष्ठा ठाकुर का सोशल मीडिया पर दर्द!
श्रेष्ठा ठाकुर को कुछ ही दिन बाद पता चल गया था कि उनका पति कोई ऑफिसर नहीं बल्कि एक धोखेबाज है। लेकिन रिश्ता बचाने के लिए श्रेष्ठा खामोश रहीं। जब बात उनके कंट्रोल से बाहर हो गई तो उन्होंने 2020 में रोहित राज से तलाक ले लिया था।
'जिंदगी चक्रव्यूह है और मैं अभिमन्यु''
पति से मिले इस धोखे से श्रेष्ठा को बड़ा धक्का मिला था। कई बार उन्होंने सोशल मीडिया पर अप्रत्यक्ष तौर पर अपना दर्द साझा किया था। न्यूज-18 की रिपोर्ट के मुताबिक तलाक के बाद श्रेष्ठा ठाकुर ने अपना दर्द सोशल मीडिया पर शेयर कर किया था, जो उस वक्त वायरल हो गया था। श्रेष्ठा ठाकुर ने अपने पोस्ट में लिखा था, ''जिंदगी चक्रव्यूह है और मैं अभिमन्यु''
अपने एक अन्य पोस्ट में श्रेष्ठा ने लिखा था, 'खुद को इतना कमजोर मत होने दो कि, तुम्हे किसी के एहसान की जरुरत हो।'
FIR में ठग पति के खिलाफ क्या-क्या बोलीं DSP श्रेष्ठा ठाकुर?
डीएसपी श्रेष्ठा ठाकुरने अपनी शिकायत (FIR) में कहा है, ''रोहित राज सिंह ने खुद को 2008 बैच का आईआरएस अधिकारी बताया था, कहा था कि वो रांची में बतौर उपायुक्त और तैनात है। सच्चाई जानने के बावजूद मैंने ने वैवाहिक रिश्ते को खराब नहीं किया और रोहित और उसके परिवार की सभी वित्तीय मांगों को पूरा किया और 2018 में अपने वेतन के बदले लोन लिया और पैसे रोहित के पिता के खाते में ट्रांसफर कर दिए।''
'रोहित ने पीटा और मेरे बच्चे को जान से मारने की धमकी दी'
डीएसपी श्रेष्ठा ने आगे कहा,''रोहित का पूरा समर्थन करने के बाद भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया और वह मेरे पुलिस पद और नाम का इस्तेमाल कर कई लोगों को गुमराह करके और धोखाधड़ी करके भारी रकम वसूलता रहा। इस मुद्दे पर रोहित और उसके परिवार से बात करने के बाद रोहित और उसके परिवार ने मुझे परेशान करना शुरू कर दिया। मुझे रोहित राज सिंह ने पीटा और मेरे बच्चे को जान से मारने की धमकी दी गई।'












Click it and Unblock the Notifications