पीएम के सवाल पर बोले मल्लिकार्जुन खड़गे- 'राहुल-सोनिया गांधी मेरे नेता, जो भी कहेंगे मैं मानूंगा'
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी लगातार नए रणनीति प्लान बना रही है। जहां एक ओर कांग्रेस की कोशिश ऐसा गठबंधन बनाने की है जिससे इस बार के आम चुनाव में बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए को सत्ता में आने से रोका जा सके, वहीं सवाल ये भी है कि क्या पार्टी इस बार प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करेगी? इन मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से भी सवाल किया गया। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होने के नाते क्या आप प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनना चाहते हैं, अगर पार्टी की सहमति हो? इस पर कांग्रेस सांसद ने क्या कहा, पढ़िए...

खड़गे बोले- मेरी कोई निजी इच्छा नहीं है
पीएम उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीधे-साफ शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी हैं। ऐसे में जो भी मेरे नेता कहेंगे मैं उनके कहे अनुसार करूंगा। हालांकि इस संबंध में मेरी कोई निजी इच्छा नहीं है। 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को लेकर पूछे गए सवाल पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए इसे स्टंट करार दिया।

बीजेपी-आरएसएस पर साधा निशाना
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी राज्यों में कई बड़े नेताओं ने देश के लिए लड़ाई लड़ी और इसके लिए बलिदान भी हो गए... आपको उनकी याद क्यों नहीं आई? आपकी पार्टी, आरएसएस संगठन ने उन्हें याद क्यों नहीं किया, लगभग 70 वर्षों तक उनको याद क्यों नहीं किया? यह सब स्टंट है।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर क्या बोले खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने पहले सरदार पटेल का सम्मान किया, इसलिए मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता लेकिन मैं कह सकता हूं कि मोदी राजनीति कर रहे हैं, वो भ्रम पैदा कर रहे हैं और मुख्य मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। चलिए देखते हैं कि 2019 में जनता का क्या फैसला रहेगा, मुझे आशा है कि इस बार वे एक समझदारी भरा फैसला लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications