मध्य प्रदेश राजनीतिक संकट पर दिग्विजय सिंह के भाई का बड़ा बयान- कांग्रेस को अब विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए
भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद कई कांग्रेसी नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि कांग्रेस को अब मध्य प्रदेश में विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए। लक्ष्मण सिंह ने कहा, 'राज्य में कांग्रेस को मजबूत विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना चाहिए।' लक्ष्मण सिंह ने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि अब हमें 'नंबर गेम' में नहीं पड़ना चाहिए और न ही इसमें पड़ना चाहिए कि क्या और कैसे हुआ। अब कांग्रेस में सभी को एकजुट होकर मजबूत विपक्ष की जिम्मेदारी निभाना चाहिए। हमें जनता के बीच भी जाना चाहिए और उन्हें सच्चाई से अवगत कराना चाहिए।

आपको बात दें कि मध्य प्रदेश से वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के कुछ मिनटों बाद ही सिंधिया खेमे के कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश के राजभवन को विधानसभा सदस्यता से अपने इस्तीफे ई-मेल कर दिए। सिंधिया खेमे के विधायकों के इस कदम से प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली 15 महीने पुरानी कांग्रेस सरकार गिरने के कगार पर पहुंच गई है। उधर भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की मंगलवार को बैठक होगी। इस बैठक से पहले संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। बैठक में मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार गठन को मंजूरी दी जा सकती है।
त्यागपत्र में क्या लिखा सिंधिया ने
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे त्यागपत्र में सिंधिया ने कहा, 'अपने राज्य और देश के लोगों की सेवा करना मेरा हमेशा से मकसद रहा है। मैं इस पार्टी में रहकर अब यह करने में अक्षम में हूं।' उधर, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण सिंधिया को तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने को स्वीकृति प्रदान की।"












Click it and Unblock the Notifications