क्या होता है Banking Haircut? Zee के सुभाष चंद्र ने 22,000 करोड़ वाले मामले में कैसे उठाया इसका फायदा?

Zee Entertainment के संस्थापक सुभाष चंद्र (Subhash Chandra) से जुड़ा कर्ज का मामला एक बार फिर चर्चा में है। वजह है उनके व्यक्तिगत दिवालिया समाधान मामले में सामने आया करीब 99.97 फीसदी का 'Haircut'। राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण यानी NCLT ने उनके लिए पेश की गई समाधान योजना को मंजूरी दी है। इसमें करीब 22,006.57 करोड़ रुपये के स्वीकार किए गए दावों के मुकाबले लगभग 6.25 करोड़ रुपये का भुगतान रखा गया है। प्रक्रिया का खर्च जोड़ने पर यह रकम करीब 6.5 करोड़ रुपये हो जाती है।

आंकड़ों को देखकर सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर हजारों करोड़ रुपये के दावों के सामने इतनी कम रकम में मामला कैसे सुलझ गया? लेकिन यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है, ये 22 हजार करोड़ रुपये सुभाष चंद्र का सीधे लिया हुआ निजी कर्ज नहीं था। मामला मुख्य रूप से उन कंपनियों के कर्ज से जुड़ी व्यक्तिगत गारंटी का है, जिसके कारण उनके खिलाफ व्यक्तिगत दिवालिया प्रक्रिया शुरू हुई।

Subhash Chandra Loan Settelment Haircut

'Haircut' का मतलब क्या है?

बैंकिंग में Haircut का मतलब कर्जदाता के लिए पूरी बकाया रकम वापस न मिलना है। इसे ऐसे समझिए। किसी कंपनी पर बैंक का 100 करोड़ रुपये बकाया है। समाधान के बाद बैंक को सिर्फ 20 करोड़ रुपये मिलते हैं। यानी बैंक को 80 करोड़ रुपये की रकम वापस नहीं मिली। ऐसे में Haircut 80 फीसदी होगा। दूसरे शब्दों में, कर्जदाता ने जितने रुपये की वसूली का दावा किया था और वास्तव में जितने रुपये मिले, उनके बीच का अंतर ही Haircut तय करता है।

ये भी पढ़ें: 'मैं फिर से पैसे कमाऊंगा', कर्ज चुकाने के बाद फिर बिजनेस में लौटेंगे सुभाष चंद्रा, आखिर किस विवाद में फंसे?

सुभाष चंद्र के मामले में कितना पैसा मिला?

सुभाष चंद्र की व्यक्तिगत दिवालिया समाधान प्रक्रिया में कर्जदाताओं के करीब 22,006.57 करोड़ रुपये के दावे स्वीकार किए गए थे। इसके मुकाबले समाधान योजना के तहत कर्जदाताओं को करीब 6.25 करोड़ रुपये देने की बात है। इसके अलावा प्रक्रिया से जुड़े खर्च के लिए करीब 25 लाख रुपये रखे गए हैं। इस तरह कुल रकम लगभग 6.5 करोड़ रुपये बैठती है। 22,006.57 करोड़ रुपये के मुकाबले 6.25 करोड़ रुपये की रकम देखें तो कर्जदाताओं की रिकवरी करीब 0.03 फीसदी बनती है। इसी वजह से Haircut का आंकड़ा करीब 99.97 फीसदी निकलता है।

क्या 22 हजार करोड़ रुपये सुभाष चंद्र का कर्ज था?

यहां सबसे ज्यादा भ्रम इसी बात को लेकर है। 22,006.57 करोड़ रुपये को सुभाष चंद्र का निजी तौर पर लिया गया कर्ज कहना सही नहीं है। दरअसल, यह रकम मुख्य रूप से उन कंपनियों के कर्ज से जुड़े दावों की है, जिनके लिए सुभाष चंद्र ने व्यक्तिगत गारंटी दी थी। कंपनियां बैंक या दूसरे वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेती थीं। उनके कुछ कर्ज के लिए सुभाष चंद्र ने गारंटर की भूमिका निभाई। यानी अगर कंपनी कर्ज नहीं चुका पाती है, तो तय शर्तों के तहत गारंटर के खिलाफ भी दावा किया जा सकता है। कंपनियों की वित्तीय स्थिति खराब होने के बाद इसी व्यक्तिगत गारंटी के आधार पर सुभाष चंद्र के खिलाफ भी दिवालिया प्रक्रिया शुरू हुई।

क्या होती है पर्सनल गारंटी?

मान लीजिए किसी कंपनी ने बैंक से 500 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। कंपनी के मालिक ने बैंक को व्यक्तिगत गारंटी दी कि अगर कंपनी कर्ज नहीं चुका पाती है तो वह गारंटी के तहत जिम्मेदारी निभाएगा। अब अगर कंपनी पैसा नहीं चुका पाती, तो बैंक गारंटी के आधार पर गारंटर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। सुभाष चंद्र के मामले में भी इसी तरह की व्यक्तिगत गारंटी से जुड़े दावे उनकी व्यक्तिगत दिवालिया प्रक्रिया का हिस्सा बने। इसलिए कंपनी का कर्ज और गारंटर की व्यक्तिगत देनदारी एक ही चीज नहीं हैं।

99.97 फीसदी Haircut का पूरा हिसाब

इस मामले का गणित बहुत सीधा है।

  • स्वीकार किए गए दावे: 22,006.57 करोड़ रुपये
  • कर्जदाताओं को प्रस्तावित भुगतान: करीब 6.25 करोड़ रुपये
  • कुल भुगतान, खर्च सहित: करीब 6.5 करोड़ रुपये
  • रिकवरी: करीब 0.03 फीसदी
  • Haircut: करीब 99.97 फीसदी

यानी कर्जदाताओं के स्वीकार किए गए दावों की तुलना में उन्हें मिलने वाली रकम बहुत कम है।

सुभाष चंद्र को इससे फायदा क्या हुआ?

यही वह हिस्सा है जिसकी वजह से इस मामले को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। व्यक्तिगत दिवालिया समाधान प्रक्रिया में किसी व्यक्ति की उपलब्ध संपत्ति, आय और वित्तीय स्थिति को देखा जाता है। सुभाष चंद्र के मामले में मंजूर योजना के तहत कर्जदाताओं को करीब 6.25 करोड़ रुपये मिलने हैं। यानी व्यक्तिगत गारंटी से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के स्वीकार किए गए दावों के मुकाबले भुगतान बहुत कम रह गया। यही उनके व्यक्तिगत स्तर पर इस समाधान का सबसे बड़ा असर है।

कंपनियों का कर्ज खत्म नहीं हुआ?

एक बात यहां साफ समझनी जरूरी है। सुभाष चंद्र की व्यक्तिगत दिवालिया प्रक्रिया और उन कंपनियों का कर्ज, जिन्होंने मूल रूप से बैंक से पैसा लिया था, अलग-अलग मामले हैं। कंपनियों के खिलाफ कर्जदाताओं के अधिकार अलग हो सकते हैं। उनकी संपत्तियों से वसूली के लिए अलग कानूनी प्रक्रिया भी हो सकती है। इसलिए यह कहना कि 6.25 करोड़ रुपये के भुगतान के बाद 22 हजार करोड़ रुपये का पूरा कंपनी कर्ज खत्म हो गया, सही नहीं होगा।

NCLT ने कैसे दी मंजूरी?

यह मामला NCLT तक व्यक्तिगत दिवालिया समाधान प्रक्रिया के तहत पहुंचा था। सितंबर 2025 में दो सदस्यीय पीठ के बीच इस मामले पर अलग-अलग राय सामने आई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में मामला तीसरे सदस्य यानी न्यायिक सदस्य नीलेश शर्मा के पास भेजा गया। उन्होंने समाधान योजना के पक्ष में फैसला दिया और योजना को मंजूरी मिल गई। इससे पहले नवंबर 2024 में कर्जदाताओं की समिति ने भी योजना को मंजूरी दी थी। योजना को 80.814 फीसदी बहुमत मिला था, जो IBC के तहत जरूरी 75 फीसदी से ज्यादा था। हालांकि, सभी कर्जदाता इसके पक्ष में नहीं थे।

किन बैंकों ने किया विरोध?

LIC Housing Finance, HDFC Bank, Axis Bank, Canara Bank और Union Bank समेत कुछ कर्जदाताओं ने योजना का विरोध किया। LIC Housing Finance के करीब 1,322.39 करोड़ रुपये के दावे स्वीकार किए गए थे, जबकि योजना के तहत उसे करीब 38.09 लाख रुपये मिलने थे। HDFC Bank ने भी NCLT के फैसले को चुनौती देने के विकल्प पर विचार किया है। कर्जदाताओं की मुख्य चिंता यही है कि हजारों करोड़ रुपये के दावों के मुकाबले कुछ करोड़ रुपये की रिकवरी होने से उनका नुकसान बहुत बड़ा रह जाता है।

क्या इसे 22 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी कह सकते हैं?

सवाल उठता है कि क्या इसे 22 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी कह सकते हैं? सीधे तौर पर नहीं। 99.97 फीसदी Haircut का आंकड़ा 22,006.57 करोड़ रुपये के स्वीकार किए गए दावों और करीब 6.25 करोड़ रुपये के भुगतान की तुलना से निकला है। यह सुभाष चंद्र के व्यक्तिगत दिवालिया समाधान मामले का आंकड़ा है। इसका यह मतलब नहीं है कि उन्होंने खुद 22 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया था और बैंक ने 22 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए।

असल मामला व्यक्तिगत गारंटी का है। कंपनियों ने कर्ज लिया था और सुभाष चंद्र ने कुछ कर्ज के लिए व्यक्तिगत गारंटी दी थी। सीधी बात यह है कि कंपनी पर कितना कर्ज है और सुभाष चंद्र की निजी देनदारी कितनी है, दोनों को एक नहीं समझना चाहिए।

ये भी पढ़ें: ₹304cr खरीद, ₹1260 करोड़ में बेचा! किसने खरीदा सुभाष चंद्रा का दिल्ली वाला लग्जरी बंगला, कितनी है संपत्ति

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+