फिर शर्मसार हुआ बंगाल, घसीटकर सूनसान जगह ले जाकर, MBBS स्टूडेंट के साथ हुई बर्बरता
West Bengal MBBS Student Rape case: पश्चिम बंगाल से एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दुर्गापुर में शुक्रवार रात एक निजी मेडिकल कॉलेज के पास ओडिशा की मूल निवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। यह छात्रा एमबीबीएस सेकेंड इयर की छात्रा है।
मेडिकल छात्रा के साथ हुई इस घटना ने 2024 के कोलकाता आरजी कर मेडिकल कालेज की एमबीबीएस छात्रा के साथ हुई बर्बरता की यादें ताजा कर दी है। जिसमें जूनियर डॉक्टर की रेप कर दंदिदों ने हत्या कर दी थी। इस छात्रा की भी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार ये ताजा घटना दुर्गापुर के शिवपुर क्षेत्र में स्थित आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज कैंपस के पास हुई। ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली 23 वर्षीय छात्रा अपने एक क्लासमेट के साथ बाहर गई थी और लौट रही थी तभी रात करीब 8:30 बजे कुछ लोगों ने कॉलेज गेट के पास उन्हें घेर लिया। हमलावर ने छात्रा का मोबाइल छीन लिया और उसके जबरन घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
पीड़िता के पिता ने जताया ये संदेह
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनका दोस्त भाग गया था, और परिवार को संदेह है कि वह भी इस घटना में शामिल हो सकता है। पुलिस शिकायत में, पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उसके दोस्त ने "उसे गुमराह किया और गलत बहाने से एक सुनसान जगह पर ले गया।" उन्होंने यह भी बताया कि हमलावरों ने उनकी बेटी का मोबाइल फोन छीन लिया और उससे 5,000 रुपये भी लूट लिए।
अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही छात्रा
छात्रा के दोस्त ने उसे दुर्गापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शनिवार को अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के दोस्त सहित कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।
पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता शशि पांजा ने बताया कि छात्रा का मेडिकल इलाज चल रहा है और उसे मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "माता-पिता ने पुलिस जांच पर विश्वास व्यक्त किया है। ऐसे अपराधों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। दुर्भाग्य से, भाजपा हमेशा ऐसी घटनाओं को राजनीतिक चश्मे से देखती है।" यह बयान भाजपा की स्थानीय इकाई द्वारा दुर्गापुर में विरोध प्रदर्शन के बाद आया।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कॉलेज से इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की एक टीम पीड़िता और उसके माता-पिता से मिलने के लिए दुर्गापुर जा रही है।
एनसीडब्ल्यू सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा, "बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस ऐसे मामलों में कोई सक्रिय कदम नहीं उठा रही है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगी कि वे आगे आएं और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए मिलकर काम करें।"
पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, खासकर कोलकाता के कॉलेज परिसरों में हुए दो बलात्कार मामलों के बाद।
जुलाई में, कोलकाता के कस्बा क्षेत्र में साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज के परिसर में एक कानून की छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। इस मामले में राजनीतिक संबंधों वाले एक पूर्व छात्र, दो छात्रों और एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया था।
पिछले साल अगस्त में, कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय स्नातकोत्तर ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के बाद राज्य और देश भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस मामले में सिविक पुलिस स्वयंसेवक संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया था और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications