पश्चिम बंगाल: BJP कार्यकर्ता की मौत पर राज्यपाल ने सीएम ममता बनर्जी को लिखा पत्र, जानें क्या कहा
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता मदन घोराई की कथित तौर पर पुलिस कस्टडी में मौत के बाद से राजनीति गरमायी हुई है। इसी कड़ी में रविवार को राज्य के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है। राज्यपाल ने अपने पत्र में कहा, पुलिस कस्टडी में मदन घोराई की मौत के बाद से पश्चिम बंगाल और बाहरी इलाकों में आक्रोश है, मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए इस दिशा में राज्य सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए।

दरअसल, कुछ दिनों पहले भाजपा कार्यकर्ता मदन घोराई की कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में पुलिस कस्टडी में मौत हो जाने से हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले को लेकर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर मदन घोराई को प्रताड़ित करने और मार डालने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस और तृणमूल कांग्रेस ने ऐसे सभी आरोपों का खंडन किया है। टीएमसी ने बीजेपी के आरोप को बेबुनियाद और राजनीतिक बताया।
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी का BJP पर वार, असुरों से तुलना कर बोलीं दीदी- कोविड-19 से भी बड़ी महामारी है भाजपा
गौरतलब है कि पताशपुर में बीजेपी बूथ के उपाध्यक्ष मदन घोराई को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर कोलकाता के एक सुधार गृह से खबर मिली कि घोराई की शहर के एक अस्पताल में मौत हो गई है। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। इसके अलावा पार्टी ने बीजेपी कार्यकर्ता के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का भी रुख किया था। इसके बाद घोराई का शव पार्टी कार्यालय में लाया गया जहां, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। घटना के बाद से राज्य में तनाव की स्थिति बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications