माझेरहाट पुल हादसा: ममता बनर्जी ने लिया घटनास्थल का जायजा, मृतकों के परिजनों को पांच लाख मुआवजा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता पहुंचकर माझेरहाट पुल का दौरा किया। दक्षिण कोलकाता के इस पुल का बड़ा हिस्सा मंगलवार शाम को टूटकर गिर गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। ममता बनर्जी मंगलवार को दार्जलिंग में थी और उन्होंने बताया था कि फ्लाइट ना होने की वजह से वो कोलकाता नहीं पहुंच सकतीं। ऐसे में बुधवार को उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया।

मौके पर जाकर मुआयना करने के बाद ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि ये दुखद है और कोई नौकरी या पैसा किसी की जिंदगी का बदला नहीं हो सकता। पश्चिम बंगाल सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के लिए पांच लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए की घोषणा की है।
ममता बनर्जी ने बताया कि पुल के नीचे से बुधवार को भी एक शव निकाला गया है, वहीं अस्पताल में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ममता ने कहा कि सरकार राज्य के उन सभी पुलों की जानकारी जुटाएगी, जिनकी हालत खस्ता है और इनकी मरम्मत के लिए कदम उठाएगी।

ममता बनर्जी ने हादसे को लेकर गुरुवार को इमरजेंसी मीटिंग भी बुलाई है। बनर्जी ने कहा कि भविष्य में इस तरह के हादसे रोकने के लिए हम बैठक में बात करेंगे। माझेरहाट हादसे पर बनर्जी ने कहा कि सभी एंगल से हम इस मामले की जांच कर रहे हैं और वो खुद इस पर नजर बनाए हुए हैं।
दक्षिण कोलकात के तारताला में मंगलवार शाम को माझेरहाट में पुल एक बड़ा हिस्सा गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। पुल के नीचे कई कार और बाइक दब गईं। पुल के गिरने के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। करीब 24 घंटे बाद भी यहा राहत का काम जारी है।












Click it and Unblock the Notifications