पश्चिम बंगाल को दहलाने की साजिश, JMB के आंतकी दुर्गा पूजा पंडालों को बना सकते हैं निशाना
कोलकाता। प्रतिबंधित जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) दुर्गा पूजा के दौरान उत्तरी बंगाल के पूजा पंडालों में विस्फोट की योजना बना रहे हैं। खुफिया एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये आतंकी दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल को धमाकों से दहलाने की फिराक में है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की अलग ही धूम रहती है और इस त्योहार को लेकर खास तैयारियां की जाती हैं। साथ ही देशभर से लोग यहां दुर्गा पूजा के दौरान आते हैं।

अलीपुर द्वार, जलपाईगुड़ी, कुच बिहार और सिलीगुड़ी में पूजा पंडालों को आतंकी निशाना बना सकते हैं। इन इलाकों के सभी पुलिस थानों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है जबकि सीमा पर बीएसएफ भी सतर्क है। रिपोर्ट के अनुसार जमात-उल-मुजाहिदीन के चार आतंकी पंडालों में विस्फोट को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूत्रों का कहना है कि दो आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल हो चुके हैं और वे कुच बिहार के इलाके में कहीं छिपे हैं जबकि 2 अन्य भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश में हैं। बांग्लादेश में सख्त कार्रवाई के बाद जेएमबी के आतंकी भारतीय सीमा में घुस आते हैं और यहीं अपना ठिकाना बना रहे हैं। जबकि आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए इन इलाकों में एजेंसियों ने पुलिस को सतर्क रहने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications