'क्या गब्बर सिंह..': अमित शाह की कोलकाता रैली पर ममता बनर्जी के मंत्री का निशाना
केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह बुधवार को कोलकाता में एक बड़ी रैली को संबोधित करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस रैली के माध्यम से पार्टी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए राज्य में राजनीतिक माहौल तैयार करने की कोशिश करेगी।
कोलकाता के एस्पलेनैड में आयोजित इस मेगा रैली के लिए जबर्दस्त तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा एजेंसियां भी अपनी ओर से सारी एहतियाती कदम उठाने की कोशिशों में जुटी हैं।

लोकसभा चुनावों की तैयारी में रैली!
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया है कि 'अमित शाह जी रैली को संबोधित करेंगे। वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बंगाल में माहौल तैयार कर सकते हैं। अप्रैल में एक रैली के दौरान उन्होंने हमारे लिए राज्य से 35 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया था।'
2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी राज्य की 42 में से पहली बार 18 सीटें जीत गई थी। रैली की तैयारियों से जुड़े कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि इस कार्यक्रम में 2011 से टीएमसी नेताओं और मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों, उनके कथित तौर पर घोटालों में शामिल होने और सत्ताधारी दल के नेताओं की गिरफ्तारियों के खिलाफ जनता की नाराजगी की झलक दिखेगी।
टीएमसी पर रैली में अड़ंगा डालने का आरोप
हालांकि, जानकारी के मुताबिक टीएमसी की ओर से इस रैली को रोकने की भी कोशिश की गई। लेकिन बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कलकत्ता हाई कोर्ट के माध्यम से इसका कार्यक्रम सुनिश्चित करवाया। इस कार्यक्रम के लिए बीजेपी के समर्थक और कैडर पहले से ही जुटने शुरू हो चुके हैं।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक शाह शहर के एयरपोर्ट पर बुधवार दोपहर में उतरेंगे और हेलीकॉप्टर से मैदान तक जाएंगे। उसके बाद गाड़ियों के काफिले में रैली स्थल तक पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक उनके इसी दिन वापस लौट जाने का कार्यक्रम है।
कलकत्ता हाई कोर्ट से टीएमसी को लगा झटका
पश्चिम बंगाल प्रशासन ने शुरू में उस जगह पर भाजपा की रैली का विरोध किया था, जहां टीएमसी हर साल 21 जुलाई को अपने 'शहीदों' की रैली का आयोजन करती है। लेकिन, कलकत्ता हाई कोर्ट की सिंगल और डिविजन दोनों बेंच ने बीजेपी के कार्यक्रम को अनुमति दी है।
क्या गब्बर सिंह कोलकाता आ रहा है?- फिरहाद हकीम
उधर टीएमसी के गढ़ में बीजेपी की रैली को लेकर पार्टी की कथित चिंताओं पर तृणमूल के नेता और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा, 'अमित शाह के दौरे से हम क्यों डरेंगे? क्या गब्बर सिंह कोलकाता आ रहा है?' उन्होंने चुटकी ली कि 2021 के चुनावों में पूरी ताकत लगाने के बावजूद भाजपा को खास सफलता नहीं मिली।
अमित शाह के बंगाल दौरे को इस नजरिए से भी देखा जा रहा है कि इसके जरिए पार्टी राज्य में संसदीय चुनावों से पहले अपने संगठन को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेगी। क्योंकि, विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी के कई बड़े चेहरे टीएमसी में चले गए थे।
इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, पार्टी सांसद अर्जुन सिंह समेत 6 एमएलए भी शामिल हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में ममता की अगुवाई में टीएमसी ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की थी और उसे 213 सीटें मिली थीं। जबकि, भाजपा 2019 के लोकसभा चुनावों वाला अपना प्रदर्शन बरकरार नहीं रख पाई थी।












Click it and Unblock the Notifications