Weather Updates: 'कहीं बारिश-कहीं तूफान', अगले कुछ घंटे इन राज्यों पर भारी, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
Weather Updates: देश के कई राज्यों में इन दिनों मानसून की बारिश कहर बरपा रही है। महाराष्ट्र, असम, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्य इस समय आसमानी आफत की मार झेल रहे हैं।
महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई शहर लगातार बारिश से पानी-पानी हो गए हैं। पुणे-मुंबई एक्सप्रेस वे तक पानी में डूब गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने भारी से भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अब मानसून नीचे की ओर खिसकना शुरू हो गया है और इस सप्ताह तटीय केरल, कर्नाटक और कोंकण गोवा की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में अब आगामी दिनों में इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के चार जिलों- सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी में भारी बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मुंबई और पालघर में आईएमडी ने येलो अलर्ट और ठाणे, रायगढ़ और पुणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया। लगातार बारिश और आंधी के बीच मुंबई के उपनगरीय इलाकों में भारी जलभराव की खबर है।
केरल में बारिश का रेड अलर्ट
आईएमडी ने सोमवार को केरल के मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट और एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने अपने अपडेट में कहा कि केरल, कर्नाटक और गोवा के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में 20 सेमी से ज़्यादा बारिश होगी।
दिल्ली में भी होगी बारिश
आईएमडी ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश और मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। देश में मौजूदा मानसून की स्थिति पर आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन ने सोमवार को बताया कि गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक में आज और कल अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। मध्य प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में जल्द ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications