Weather Update: इस वीकेंड दिल्ली में खुशनुमा रहेगा मौसम, बारिश से मिल सकती है और राहत
देश की राजधानी दिल्ली सहित देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अप्रैल माह तकरीबन आधे से ज्यादा गुजर चुका है लेकिन अच्छी बात यह है कि अभी भी तेज गर्मी का प्रकोप नहीं शुरु हुआ है, जिसकी वजह से लोग राहत में हैं। हालांकि मौसम विभाग की ओर संभावना जाहिर की गई है कि इस वीकेंड दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली में इस वीकेंड बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पूरे अप्रैल माह में लू चलने की संभावना से भी इनकार किया है। बारिश के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और तापमान भी सामान्य रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि 18 से 20 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वीकेंड की बारिश के बाद दिल्ली में कुछ हद तक पारा बढ़ने की भी संभावना जाहिर की गई है। फिलहाल लोगों के लिए यह वीकेंड खुशनुमा रहने वाला है।
दिल्ली के पारे की बात करें तो मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि इस हफ्ते अधिकतम तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
वहीं नोएडा की बात करें तो यहां 19 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते यहां का तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। न्यूनतम तापमान 20-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में भी गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग की ओर से जाहिर की गई है। यहां 18-20 अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 18-21 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जाहिर की गई है।
जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सहित पांच राज्यों में लू की चेतावनी जाहिर की गई है। यहां 19 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रहेगी। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गोवा में भी लू की स्थिति की संभावना जाहिर की गई है।












Click it and Unblock the Notifications