Weather: दक्षिण से लेकर उत्तर तक भारी बारिश का कहर, केरल में Orange Alert, जानिए दिल्ली का हाल
नई दिल्ली,18 अक्टूबर। भारी बारिश की वजह से इस वक्त केरल बेहाल है तो वहीं बेमौसम बरसात ने दिल्लीवालों को भी हैरान-परेशान कर रखा है। केरल में बाढ़ के कारण अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में पांच बच्चे भी हैं। आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग लापता हैं।

केरल में Orange Alert
तो वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग ने आज और कल भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। उसने आज भी कई जिलों में Orange Alert जारी किया है। इस वक्त नदियां उफान पर आ गई हैं, जिससे कस्बों और गांवों का संपर्क टूट गया है। केरल राज्य के कोट्टायम जिले में कई घर बह गए और लोग फंस गए। हालांकि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। आपको बता दें कि बाढ़ की वजह से कोट्टायम और इडुक्की राज्य के दो सबसे बुरी तरह प्रभावित जिले हैं। हालांकि हजारों लोगों को प्रभावित जिलों से निकाला गया है और राज्य भर में 184 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 8,000 से अधिक लोगों को भोजन, बिस्तर और कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पर्यटन स्थलों को भी बंद कर दिया गया है
तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, कोट्टयम और इडुक्की जिले में भारी बारिश हुई है और यहां पर अगले दो दिनों के लिए भी Orange Alert जारी है। इस वक्त भी वहां तेज हवाएं चल रही है। केरल में आई इस आफत के बीच सेना, नौसेना समेत एनडीआरएफ की कई टीमें राहत और बचाव के काम में लगातार जुटी हुई हैं।केरल में मौसम की तल्खी को देखते हुए अगले आदेश तक पर्यटन स्थलों को भी बंद कर दिया गया है।

'रेड अलर्ट' जारी
जहां केरल का ये हाल है वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड में भी भारी बारिश ने आफत पैदा कर दी है। यहां भारी बारिश के कारण 'रेड अलर्ट' जारी किया है। बारिश के कारण इस वक्त चार धाम यात्रा को रोक दिया गया है। इस बारे में उत्तराखंड सरकार में मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि जो श्रद्धालु केदारनाथ और बद्रीनाथ में थे उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। व्यापक स्तर पर सभी तैयारियां की गई हैं। राज्य में आज से लेकर अगले 2 दिनों के लिए भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है।

बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट
तो वहीं बेमौसम बरसात के कारण दिल्ली-यूपी की कल से हालत खराब है। रविवार को हुई बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट हुई है और जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग का ताजा अपडेट कहता है कि होडल (हरियाणा) रामपुर, संभल (यूपी) , बिल्लारी, चंदौसी, जहांगीराबाद, अनूपशहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होने का अनुमान है तो अगले 24 घंटों में फिर से दिल्ली और यूपी का मौसम बदल सकता है तो वहीं दक्षिण भारत में भी जोरदार बारिश हो सकती है, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी बारिश होने का अनुमान है इसलिए अलर्ट जारी है।












Click it and Unblock the Notifications