Weather: अभी मानसून की नहीं होगी वापसी, इन इलाकों में पूरे सितंबर हो सकती है बरसात- IMD
नई दिल्ली, 16 सितंबर: देश के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक के कई जिलों में बरसात देखी जी रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी करके बताया है कि इस साल देश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी में अभी और देर होगी, जिसके चलते ठंड की शुरुआत में भी देरी हो सकती है। बता दें कि इस साल राजधानी दिल्ली में बारिश का 46 वर्षों का रिकॉर्ड टूट चुका है और पिछले शनिवार को आईजीआई एयरपोर्ट भी भारी बारिश के कहर का गवाह बन चुका है।

अभी वापस नहीं लौट रहा मानसून- मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया है कि इस साल देश में मानसून की वापसी देर से होगी और उत्तर भारत में सितंबर के अंत तक इसका असर कम होने का कोई लक्षण नजर नहीं आ रहा है। आईएमडी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी तब होती है, जब इस क्षेत्र में पांच दिनों तक लगातार बारिश की गतिविधि रुकी रहती है। यह तब होता है, जब निचले ट्रोपोस्फेयर के ऊपर एंटीसाइक्लोनिक हवा का निर्माण होता है और नमी में भी पर्याप्त कमी आती है।
Recommended Video

पश्चिम राजस्थान से शुरू होती है वापसी
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक ने कहा, 'उत्तर भारत से अगले 10 दिनों तक मानसून की वापसी के कोई भी संकेत नहीं हैं।' पिछले साल भी मौसम विभाग को उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून की वापसी की तारीख में लगभग दो हफ्ते का संशोधन करना पड़ा था। ऐसा पिछले कई साल से मानसून की वापसी में देरी होने की स्थिति देखने बाद किया गया था। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की शुरुआत सबसे पहले पश्चिमी राजस्थान से शुरू होती है।

शुक्रवार को जैसलमेर से होगी शुरुआत
संशोधित अनुमानों के मुताबिक इस साल मानसून की वापसी की नई तारीख 17 सितंबर है। यानी शुक्रवार से राजस्थान के जैसलमेर से मानसून की वापसी शुरू हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 2017, 2018, 2019 और 2020 में भी मानसून की वापसी में देरी हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी में देरी का मतलब ये भी है कि ठंड का मौसम शुरू होने में भी देर होगी। वैसे आधिकारिक रूप में भारत में दक्षिण-मानसून का मौसम 1 जून से केरल से शुरू होकर 30 सितंबर तक निर्धारित है।

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश
इससे पहले दिल्ली-एनसीआर और यूपी के कई जिलों समेत देश के कई हिस्सों में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इसके तहत राजधानी में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी कई गई है और कई इलाकों में इसका काफी असर भी देखने को मिला है। एक दिन पहले ही दिल्ली में बारिश का 46 साल का रिकॉर्ड टूटा है। इस साल दिल्ली में इस मौसम में अबतक 1,146.4 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

इन राज्यों में भी हो रही है बारिश
दिल्ली-एनसीआर के इलाकों के अलावा उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी कुछ स्थानों पर भारी बरसात का अनुमान है। इसी तरह यूपी के एनसीआर के इलाकों के अलावा लखनऊ, वाराणसी से लेकर गोरखपुर और बाराबंकी में भी तेज बारिश की रिपोर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications