Weather: कड़ाके की सर्दी के साथ-साथ कई राज्यों में बारिश के अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा आज मौसम
Weather Today Updates: उत्तर भारत समेत देशभर में सर्दी का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक मौसम का डबल अटैक देखने को मिलेगा, यानी सर्दी के साथ-साथ देश के कई राज्यों में बारिश के अलर्ट हैं। इधर दक्षिण भारत में तमिलनाडु में मौसम की स्थिति बिगड़ी हुई है। IMD ने बारिश के अलर्ट जारी किए हैं।
IMD ने शनिवार 21 दिसंबर के लिए उत्तर तमिलनाडु, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों बारिश के आसार हैं।

दिल्ली के मौसम की बात करें तो दिल्ली-NCR में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। आने वाले दिनों सर्दी और बढे़गी। आज और रविवार को दिल्ली में घना कोहरा रहेगा। क्रिसमस यानी 25 दिसंबर के बाद दिल्ली में भी हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद ठंड और बढ़ेगी। दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा देखा गया है।
शनिवार 21 दिसंबर की बात करें तो यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रहेगा। कुछ इलाकों में देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। यूपी में 22, 23, 24 और 25 दिसंबर को भी मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। 26 दिसंबर से मौसम में बदलाव का अनुमान है। हालांकि इसका ज्यादा असर पश्चिमी यूपी में देखने को मिलेगा।
देश के इन राज्यों में बर्फबारी और शीतलहर के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान के कुछ हिस्सों में ग्राउंड फ्रॉस्ट की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications