Weather Forecast: दिल्ली में निकली धूप लेकिन सर्द हवाओं से यूपी-एमपी परेशान
श्रीनगर| जम्मू एवं कश्मीर में रात के तापमान में सुधार हुआ है और सोमवार को घाटी में बादल घिरे हुए हैं। गुलमर्ग में रविवार रात भर हल्का हिमपात हुआ है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग शहर में रविवार रात हल्का हिमपात हुआ, जहां सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू एवं कश्मीर में आसमान पर हल्के बादल घिरे रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा।
आईये जानते हैं उत्तर भारत के और राज्यों के मौसम का हाल...

उत्तर प्रदेश
लखनऊ| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित राज्यों के अधिकांश इलाकों में सोमवार सुबह धूप रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने कहा कि राज्य में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। शाम में सर्द हवाएं चलने का दौर जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश
भोपाल| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में सोमवार सुबह गुनगुनी धूप की बदौलत मौसम सुहावना रहा। सर्द हवाओं का असर भी बरकरार है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई है। राज्य में सोमवार तड़के हल्का कोहरा रहा, लेकिन सुबह नौ बजे आसमान बिल्कुल साफ हो गया। गुनगुनी धूप ने लोगों को सर्द हवाओं से राहत दिलाई।

दिल्ली
नई दिल्ली| दिल्ली में सोमवार सुबह सर्द रही और मौसम विभाग ने आगे दिनभर आसमान साफ रहने की संभावना व्यक्त की। दिन में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार
बिहार में सोमवार सुबह धूप खिली और लोगों को ठंड से राहत मिली है। हालांकि मौसम में सर्दी विद्यमान है लेकिन सूर्य देवता के दर्शन होने से लोगों को सकून मिला।

हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाके में कुछ दिनों से हो रही बारिश और हिमपात के कारण रविवार को ठिठुरन बरकरार है।भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि शनिवार को 3.2 डिग्री सेल्सियस था।शहर में 14.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications