स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा-हम अभी भी कोरोना की दूसरी वेव के बीच हैं,यह खत्म नहीं हुआ
नई दिल्ली, सितंबर 09: देश मे पिछले 24 घंटों में 43 हज़ार से ज्यादा कोरोना मामले सामने आए हैं। उसमें से 32000 के करीब केस केरल राज्य से हैं। देश में मौजूदा कोरोना महामारी की स्थिति को बताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि, पिछले हफ़्ते आए कोरोना वायरस के कुल नए मामलों में क़रीब 68% मामले केरल से हैं। कुल मिलाकर गिरावट की प्रवृत्ति 50% से थोड़ी कम है जो पहली लहर में थी। हम अभी भी दूसरी वेव के बीच हैं। यह खत्म नहीं हुआ है। अभी देश में केवल 38 ज़िलों में प्रतिदिन 100 से ज़्यादा मामले आ रहे हैं। 30 जून को ऐसे 108 जिले थे।
Recommended Video

राजेश भूषण ने कहा कि एक्टिव केस बीच में कम हुए थे, फिर बढ़े लेकन अब घट रहे हैं। देश मे एक ही राज्य है केरल जहां कुल एक्टिव केस का 61% है और एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं जबकि 50 हजार से एक लाख के बीच एक्टिव केस सिर्फ एक राज्य, महाराष्ट्र में हैं। 10 हजार से 50 हजार के बीच एक्टिव केस इस समय 4 राज्य में है और 10 हज़ार से कम एक्टिव केस 30 राज्यों में हैं। उन्होंने बताया कि 35 जिलों में वीकली पॉजिटिविटी रेट 10% ज्यादा है।
वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि हमने देश में अब तक वैक्सीन की 72 करोड़ डोज़ लगा दी हैं। मई में हम औसतन 20 लाख टीके प्रतिदिन लगाते थे, आज सितंबर में हम 78 लाख टीके प्रतिदिन औसतन लगा रहे हैं। टीकाकरण और कवरेज की गति तेजी से बढ़ रही है। यह संख्या और भी अधिक चढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि, हमने मई के 30 दिनों की तुलना में सितंबर के पहले 7 दिनों में अधिक टीके लगाए हैं। पिछले 24 घंटों में 86 लाख खुराक दी गई। हमें त्योहारों से पहले टीकाकरण की गति बढ़ानी चाहिए। राज्य और केंद्र कमजोर आबादी का टीकाकरण करने के लिए काम करें।
नीति आयोग के सदस्य(स्वास्थ्य) डॉ.वी.के.पॉल ने कहा कि, अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के 58% लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज़ लग चुकी है, इनमें 18% लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगवा ली है। हम सक्रिय रूप से बच्चों पर वैक्सीन के संभावित इस्तेमाल की वैज्ञानिक पुष्टि की दिशा में काम कर रहे हैं। बच्चों में संभावित इस्तेमाल के लिए एक वैक्सीन उपलब्ध हुई है। स्कूल खोलने के लिए बच्चों को वैक्सीन लगे ये मापदंड दुनिया में कोई नहीं मानता।
डॉ वीके पॉल ने आगे कहा कि, डॉ वीके पॉल ईयूए स्थिति मॉडर्ना, जे एंड जे टीकों के लिए प्रसिद्ध है। वह विकल्प खुला है। देश के भीतर जॉनसन एंड जॉनसन के उत्पादन से आयात या तैनाती के संबंध में, ऐसे मुद्दे हैं जिनके आसपास हमें निर्माताओं के संबंध में एक समान आधार खोजना होगा। वहीं आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने बताया कि मृत्य दर को रोकने में वैक्सीन की एक डोज की प्रभावशीलता 96.6% तक है जो दो डोज के बाद 97.5% तक बढ़ जाती है.
देश की बात करें तो भारत में पिछले 24 घंटे में नए कोरोना केसों में 14.2 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में 43, 263 नए केस सामने आए जबकि 338 लोगों की मौत हुई। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3,93,614 हो गई है। वहीं रिकवरी रेट की बात करें तो वह 97.48% पर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 40,567 लोग कोरोना से ठीक हुए। वीकली पॉजिटिविटी रेट 2.43% है जो कि पिछले 76 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे है। वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट 2.38% है जो कि पिछले 10 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे है।












Click it and Unblock the Notifications