कोलकाता एयरपोर्ट पर टेक ऑफ कर रहे विमान से टकराया पानी का टैंकर, बड़ा हादसा टला
कोलकाता। कोलकाता एयरपोर्ट पर पानी का एक टैंकर उस वक्त कतर एयरवेज के एक विमान से जा भिड़ा, जब विमान उड़ान भरने जा रहा था। इससे एक बड़ा हादसे होते-होते टल गया। टैंकर से टकराने की वजह से विमान के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचा, विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कतर एयरलाइंस के विमान से पानी के टैंकर गुरुवार तड़के उस समय टकराया जब विमान हवाई अड्डे पर टेक ऑफ की तैयारी कर रहा था।

विमान में करीब 130 लोग सवार थे। घटना के बाद विमान के निचली हिस्से के क्षतिग्रस्त होने जाने के चलते फ्लाइट रद्द कर दी घई और सभी यात्रियों को कोलकाता के एक होटल में ले जाया गया। उन्हें शुक्रवार की तड़के तीन बजे अगली फ्लाइट से कतर भेजा जाएगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर अतुल दीक्षित ने बताया कि घटना के बारे में हमने डॉयरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन को बता दिया है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन की तरफ से इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया है कि हवाईअड्डे के अंदर गाड़ियों की स्पीड निर्धारित होती है। इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर कैसे ड्राईवर ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खोया। जिससे वो विमान से टकराया और एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया।












Click it and Unblock the Notifications