Malik vs Wankhede: अरुण हलदर पर भड़के नवाब मलिक कहा- 'कम से कम संवैधानिक पद की गरिमा का तो ख्याल करें'
मुंबई, 31 अक्टूबर। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक का आरोप-प्रत्यारोप जारी है। नवाब मलिक ने इस क्रूज ड्रग्स केस को भाजपा की साजिश करार दिया है तो वहीं एक बार फिर उन्होंने वानखेड़े को लेकर नई बात कही है।

'कम से कम अपना ना सही पद का तो ख्याल रखें'
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष अरुण हलदर ने कल मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि समीर वानखेड़े ने कोई धर्म परिवर्तन नहीं किया, हलदर जी आप एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं उसकी गरिमा रखें और कम से कम अपना ना सही पद का तो मान रखें।'

'समीर वानखेड़े ने धर्म परिवर्तन नहीं किया'
इसके बाद उन्होंने कहा कि समीर वानखेड़े ने धर्म परिवर्तन नहीं किया क्योंकि वो जन्म से मुसलमान हैं, उनके पिता ने धर्म परिवर्तन किया था। मैं अपनी बात पर कायम हूं कि वो एससी सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़ा करके उस पद पर बैठे हैं, उन्होंने एक गरीब एससी का अधिकार छीना है, मैंने बिना आधार कुछ नहीं कहा, मैंने वो ही कहा जो सच है और मेरे पास इसका पूरा प्रमाण है।

'महार समाज से हैं समीर वानखेड़े'
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही समीर वानखेड़े ने अरुण हलदर से मुलाकात की थी और अपने ऊपर लगे धर्म परिवर्तन के आरोप और फर्जी सार्टिफिकेट के बारे में सफाई पेश की थी।
वानखेड़े ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है
वानखेड़े से मिलने के बाद अरुण हलदर ने कहा था कि 'समीर वानखेड़े ने उन्हें अपनी जाति से संबंधित जो कागजात दिखाए हैं उससे साबित होता है कि वो महार समाज से हैं और उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया है।'

'उनकी मां मुस्लिम थीं, उनके पिता हिंदू हैं'
अरुण हलदार ने आगे कहा था कि 'वानखेड़े की मां मुस्लिम थीं, उनके पिता हिंदू हैं, उनकी पहली शादी मुस्लिम से हुई थी, लेकिन उसका पंजीकरण स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुआ था, जिसमें अंतरधार्मिक विवाह मान्य है। उनकी दूसरी पत्नी हिंदू हैं।' अरुण हलदार के अनुसार 'जाति प्रमाणपत्र पिता के रक्त संबंध से ही मिलता है। चूंकि वानखेड़े के पिता महार समाज से हैं, इसलिए समीर को भी अनुसूचित जाति का ही प्रमाणपत्र मिला है। और जो कोई भी किसी भी अधिकारी के जाति प्रमाणपत्र को लेकर फर्जी बातें करेगा, उसके खिलाफ आयोग चुप नहीं बैठेगा।'












Click it and Unblock the Notifications