Vocal for Local: शादियों के सीजन में 5 लाख करोड़ का कारोबार! मन की बात क्या बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में एक बार फिर से वोकल फॉर लोकल अभियान की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि यह अभियान विकसित और समृद्ध भारत का द्वार खोल रहा है।
पीएम मोदी ने इस अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए कहा है कि अब तो बच्चे भी सामान खरीदते समय ये देखते हैं कि वह मेड इन इंडिया है या नहीं।

वोकल फॉर लोकल अभियान की सफलता
रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' में प्रधानमंत्री ने कहा है कि 'पिछले महीने मन की बात में मैंने वोकल फॉर लोकल यानि स्थानीय उत्पादों को खरीदने पर जोर दिया था।'
'दिवाली, भैया दूज और छठ पर 4 लाख करोड़ से अधिक का कारोबार'
उन्होंने कहा 'बीते कुछ दिनों के भीतर ही दिवाली, भैया दूज और छठ पर देश में 4 लाख करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है; इस दौरान भारत में बने उत्पादों को खरीदने का जबर्दस्त उत्साह लोगों में देखने को मिला है। अब तो घर के बच्चे भी दुकान पर कुछ खरीदते समय ये देखने लगे हैं कि उसमें मेड इन इंडिया लिखा है या नहीं। लोग ऑनलाइन सामान खरीदते समय कंट्री ऑरीजिन भी देखना नहीं भूलते हैं।'
'वोकल फॉर लोकल रोजगार और विकास की गारंटी'
प्रधानमंत्री ने कहा है कि 'जैसे 'स्वच्छ भारत अभियान' की सफलता ही उसकी प्रेरणा बन रही है, उसी तरह वोकल फॉर लोकल की सफलता, विकसित भारत-समृद्ध भारत के द्वार खोल रही है।' प्रधानमंत्री कहा है कि वोकल फॉर लोकल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है।
उन्होंने कहा, 'वोकल फॉर लोकल अभियान रोजगार की गारंटी है। यह विकास की गारंटी है, ये देश के संतुलित विकास की गारंटी है।'
शादियों के सीजन में 5 लाख करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान- पीएम मोदी
पीएम ने कहा है कि भारतीय उत्पादों के प्रति जो भावना पैदा हो रही है, वह सिर्फ त्योहारों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा है कि शादियों के मौसम में तो इससे कुछ व्यापार संगठनों को 5 लाख करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। उन्होंने आह्वान किया कि 'शादियों से जुड़ी खरीदारी में भी आप सभी भारत में बने उत्पादों को ही महत्व दें।'
ताकि देश का पैसा देश में रह जाए
उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि देश का पैसा देश में ही रहे, इसके लिए भारत में ही शादी ब्याह मनाएं। उन्होंने देशवासियों से गुजारिश की है, 'भारत की मिट्टी में.... भारत के लोगों के बीच..... अगर हम शादी ब्याह मनाएंगे.....तो देश का पैसा, देश में ही रहेगा.....देश के लोगों को आपकी शादी में कुछ-न-कुछ सेवा करने का अवसर मिलेगा...... छोटे -छोटे गरीब लोग भी अपने बच्चों को आपकी शादी की बातें बताएंगे...... क्या आप वोकल फॉर लोकल के इस मिशन को विस्तार दे सकते हैं?.... क्यों न हम शादी ब्याह ऐसे समारोह अपने ही देश में करें?.....'












Click it and Unblock the Notifications