विशाखापट्टनम में गैस लीक की खबर ने उड़ाई लोगों की नींद, जांच में सब कुछ मिला सही
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सोमवार रात फिर से गैस लीक की खबर सामने आई। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल फैक्ट्री के अधिकारियों ने गैस लीक की बात से इनकार किया है। फिर भी ऐहतियातन जांच की जा रही है। वहीं गैस लीक की खबर के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

जानकारी के मुताबिक गजुवाका के पिलकवनिपलेम और कुंचुम्बा कॉलोनी के लोगों ने सोमवार रात को फैक्ट्री से गैस लीक होने की बात कही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दौरान काफी जांच के बाद भी गैस लीक की बात सामने नहीं आई। मामले में डीसीपी ने कहा कि पुलिस की टीम इलाके में जांच के लिए मौजूद है, लेकिन फैक्ट्री के अधिकारियों ने गैस लीक की खबर को गलत बताया है। वहीं गैस लीक की खबर से आसपास के इलाके के लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया।
मई में हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि मई की शुरूआत में आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गैस लीक का बड़ा मामला सामने आया था। उस दौरान आरआर वेंकटपुरम में स्थित एलजी पॉलिमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में गैस लीक हो गई थी। जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 200 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। बाद में गुजरात से स्पेशल केमिकल मंगवाकर हालात पर काबू पाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications