बालाकोट एयरस्ट्राइक के हीरो अभिनंदन अब उड़ाएंगे कमर्शियल फ्लाइट, वीर चक्र विजेता पायलट ने कहां से की है पढ़ाई?
Abhinandan Varthaman Education: भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान अब अपने करियर की नई उड़ान भर रहे हैं। करीब 22 साल तक वायुसेना में सेवा देने के बाद उन्होंने समय से पहले रिटायरमेंट लिया और अब कमर्शियल एविएशन की दुनिया में कदम रखा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगस्त 2026 में वह गोवा की रीजनल एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं और इस समय ATR 72-600 विमान के लिए टाइप 2 ट्रेनिंग कर रहे हैं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह कमर्शियल रूट पर यात्रियों के विमान उड़ा सकेंगे। हालांकि, देश और दुनिया में अभिनंदन की पहचान सबसे ज्यादा फरवरी 2019 की हवाई मुठभेड़ के बाद बनी, लेकिन फाइटर पायलट बनने के पीछे उनकी पढ़ाई, सैन्य ट्रेनिंग और वर्षों की मेहनत की लंबी कहानी है।

चेन्नई में हुआ था जन्म
अभिनंदन वर्धमान का जन्म 21 जून 1983 को चेन्नई में हुआ था। उनका परिवार तमिल जैन समुदाय से जुड़ा है और परिवार की जड़ें कांचीपुरम के पास थिरुपनमूर गांव से जुड़ी बताई जाती हैं। उनके पिता सिंहकुट्टी वर्धमान भी भारतीय वायुसेना में सेवा दे चुके हैं और एयर मार्शल के पद से रिटायर हुए। उनकी मां डॉक्टर थीं। सैन्य परिवार में जन्म लेने की वजह से अभिनंदन का बचपन भी काफी हद तक वायुसेना के माहौल के बीच बीता। यही पारिवारिक माहौल आगे चलकर उनके करियर के फैसलों पर भी दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार की बेटी पर गिरी गाज! IAS मेधा रूपम की सैलरी से क्यों काटे जाएंगे 5 लाख रुपये? क्या है मामला?
सैनिक स्कूल से शुरू हुई पढ़ाई
अभिनंदन ने शुरुआती स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल से हासिल की। सैनिक स्कूलों में पढ़ाई के साथ अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण और नेतृत्व क्षमता पर भी ध्यान दिया जाता है। इन स्कूलों का एक मकसद छात्रों को आगे चलकर सैन्य सेवाओं और खास तौर पर नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) जैसे संस्थानों के लिए तैयार करना भी है।
स्कूल के बाद अभिनंदन ने महाराष्ट्र के खड़गवासला स्थित NDA में ट्रेनिंग ली। यह सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए अधिकारियों को तैयार करने वाली त्रि-सेवा अकादमी है।
2004 में बने वायुसेना अधिकारी
NDA की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अभिनंदन ने भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम ज्वाइन की। 19 जून 2004 को उन्हें फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर कमीशन मिला। इसके बाद उनकी प्रोफेशनल ट्रेनिंग आगे बढ़ी। उन्होंने बठिंडा और हलवारा स्थित वायुसेना केंद्रों पर ट्रेनिंग ली। आगे चलकर उन्हें Su-30MKI जैसे लड़ाकू विमान पर उड़ान का अनुभव मिला। इसके बाद उन्होंने MiG-21 Bison स्क्वाड्रन में भी सेवा दी। वायुसेना में अभिनंदन का करियर लगातार आगे बढ़ता रहा।
- 2004: फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर कमीशन
- 2006: फ्लाइट लेफ्टिनेंट
- 2010: स्क्वाड्रन लीडर
- 2017: विंग कमांडर
- दिसंबर 2021: ग्रुप कैप्टन के पद पर प्रमोशन
करीब 22 साल तक वायुसेना में सेवा देने के बाद उन्होंने समय से पहले रिटायरमेंट लेने का फैसला किया।
2019 में पूरी दुनिया में छाया नाम
अभिनंदन वर्धमान का नाम फरवरी 2019 में देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में चर्चा में आया। 26 फरवरी 2019 को बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई के अगले दिन पाकिस्तान की ओर से जवाबी कार्रवाई हुई।
27 फरवरी को अभिनंदन को नियंत्रण रेखा की ओर बढ़ रहे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को रोकने के लिए भेजा गया। इसी दौरान हुई हवाई मुठभेड़ में उन्होंने पाकिस्तान के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन के MiG-21 को मिसाइल से नुकसान पहुंचा। इसके बाद उन्हें विमान से बाहर निकलना पड़ा और वह पाकिस्तान के क्षेत्र में जा गिरे।
करीब 60 घंटे पाकिस्तान की हिरासत में रहे
विमान से बाहर निकलने के बाद अभिनंदन को पाकिस्तान ने हिरासत में ले लिया था। वह करीब 60 घंटे तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे। इसके बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। उनकी वापसी के बाद देशभर में उनकी बहादुरी और हिम्मत की खूब चर्चा हुई।
वीर चक्र से किया गया सम्मानित
2019 की हवाई मुठभेड़ में उनके साहस और भूमिका के लिए अभिनंदन वर्धमान को वीर चक्र से सम्मानित किया गया। वीर चक्र भारत का तीसरा सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में भी हवाई मुठभेड़ के दौरान उनके साहस और कर्तव्य की सराहना की गई।
अब यात्री विमान उड़ाने की तैयारी
वायुसेना से समय से पहले रिटायरमेंट लेने के बाद अभिनंदन ने अब कमर्शियल एविएशन का रुख किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना से विदाई ली और इसके कुछ महीनों बाद अगस्त 2026 में गोवा की रीजनल एयरलाइन FLY91 से जुड़ गए।
फिलहाल वह ATR 72-600 विमान की टाइप 2 ट्रेनिंग ले रहे हैं। इस ट्रेनिंग को पूरा करने के बाद वह कमर्शियल रूट पर यात्री विमान उड़ाने के लिए आगे बढ़ सकेंगे।
ये भी पढ़ें: अभिनंदन वर्धमान ने क्यों छोड़ी वायुसेना? अब क्या करेंगे काम? 2019 एयर स्ट्राइक में थे PAK के कब्जे में


Click it and Unblock the Notifications
