अभिनंदन वर्धमान ने क्यों छोड़ी वायुसेना? अब क्या करेंगे काम? 2019 एयर स्ट्राइक में थे PAK के कब्जे में
Abhinandan Varthaman: भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान अब भारतीय वायुसेना का हिस्सा नहीं हैं। 2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराने और करीब 60 घंटे पाकिस्तानी हिरासत में रहने के बाद देशभर में चर्चित हुए अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना से रियाटरमेंट ले ली है।
अभिनंदन ने वर्तमान ने रिटायरमेंट लेकर प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन कर ली है। रिपोर्ट के मुताबिक न्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना छोड़ी। इसके बाद अगस्त में वे एक क्षेत्रीय कमर्शियल एयरलाइन FLY91 में शामिल हो गए हैं। अब वे लड़ाकू विमानों के बजाय कमर्शियल पैसेंजर प्लेन के पायलट के तौर पर उड़ान भरेंगे।

लेकिन बड़ा सवाल यही है कि करीब दो दशक तक लड़ाकू विमान उड़ाने वाले अभिनंदन ने वायुसेना क्यों छोड़ी? अब वह क्या करेंगे? और 2019 में ऐसा क्या हुआ था, जिसने उन्हें भारत के सबसे चर्चित लड़ाकू पायलटों में शामिल कर दिया?
अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना क्यों छोड़ी?
अभिनंदन वर्धमान ने समय से पहले रियाटरमेंट लेकर वायुसेना से बाहर निकलने का फैसला किया है। अधिकारियों ने उनके इस फैसले के पीछे कोई खास व्यक्तिगत वजह सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि उन्होंने किसी एक घटना या विवाद के चलते वायुसेना छोड़ी।
लगभग 22 साल की सेवा के बाद उन्होंने अब अपने अनुभव को नागरिक विमानन में इस्तेमाल करने का रास्ता चुना है। वरिष्ठ स्तर पर पहुंचने के साथ लड़ाकू पायलटों की उड़ान ड्यूटी का हिस्सा घट सकता है और प्रशासनिक जिम्मेदारियां बढ़ती हैं। ऐसे में किसी पायलट का सेवा से बाहर निकलकर नागरिक विमानन में जाना असामान्य करियर बदलाव नहीं माना जाता।
अब क्या करेंगे अभिनंदन?
वायुसेना छोड़ने के बाद अभिनंदन फ्लाई91 में कमर्शियल पायलट की भूमिका में हैं। यानी अब उनका काम युद्धक विमान उड़ाकर दुश्मन के विमान को रोकना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाना होगा।
फ्लाई91 ने उनके कंपनी से जुड़ने की पुष्टि की है। वह फिलहाल एटीआर विमान की ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं। जरूरी प्रशिक्षण और नियामकीय मंजूरियां पूरी होने के बाद वह यात्री उड़ानों का संचालन करेंगे। यह बदलाव काफी बड़ा है। एक तरफ मिग-21 बाइसन जैसे लड़ाकू विमान का कॉकपिट था, जहां कुछ सेकंड का फैसला युद्ध का रुख बदल सकता था। दूसरी तरफ अब एटीआर जैसे यात्री विमान का कॉकपिट होगा, जहां सुरक्षा, समय और यात्रियों की जिम्मेदारी सबसे ऊपर होगी।
बालाकोट एयरस्ट्राइक और 2019 की डॉगफाइट
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट में एयरस्ट्राइक की। अगले ही दिन यानी 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी फाइटर जेट्स ने एलओसी (LoC) पार करने की कोशिश की।
उस समय श्रीनगर एयरबेस पर तैनात अभिनंदन अपने मिग-21 बाइसन (MiG-21 Bison) के साथ सिर्फ 5 मिनट के भीतर हवा में पहुंचे। उन्होंने बेहद आक्रामक दांव-पेच से दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए और पीछा करके पाकिस्तान के अत्याधुनिक F-16 फाइटर जेट को मार गिराया।
पाकिस्तान में 60 घंटे और भारत वापसी
हवाई जंग के दौरान पाकिस्तानी विमानों ने कई बीवीआर (BVR) मिसाइलें दागीं। इनमें से एक मिसाइल अभिनंदन के मिग-21 से जा टकराई। प्लेन क्रैश होने से पहले वे सुरक्षित बाहर निकल आए और पैराशूट की मदद से नीचे उतरे, लेकिन वे सीमा पार पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में जा गिरे।
वहां पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। भारत के भारी कूटनीतिक दबाव के बाद पाकिस्तान को झुकना पड़ा और करीब 60 घंटे बाद यानी 1 मार्च 2019 को अभिनंदन सही-सलामत वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौट आए।
वीर चक्र का सम्मान
2019 की इस कार्रवाई के लिए अभिनंदन को 2021 में वीर चक्र दिया गया। यह परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद भारत का तीसरा बड़ा युद्धकालीन वीरता सम्मान है। सरकारी प्रशस्ति-पत्र में उनकी बहादुरी, कर्तव्य के प्रति समर्पण और मुश्किल हालात में दुश्मन का सामना करने की क्षमता का जिक्र है।
इसमें बताया गया कि पाकिस्तानी विमानों की संख्या और तकनीकी बढ़त के बावजूद अभिनंदन ने आक्रामक तरीके से मुकाबला किया और उनके युद्धाभ्यास से पाकिस्तानी विमानों की कार्रवाई प्रभावित हुई।


Click it and Unblock the Notifications
