CEC ज्ञानेश कुमार की बेटी पर गिरी गाज! IAS मेधा रूपम की सैलरी से क्यों काटे जाएंगे 5 लाख रुपये? क्या है मामला?
IAS Medha Rupam Salary Deduction: नोएडा के मजदूर आंदोलन से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक फैसले ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा और सामाजिक कार्यकर्ता आकृति चौधरी को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी रासुका के तहत करीब पांच महीने तक हिरासत में रखा गया था। अब हाईकोर्ट ने उनकी हिरासत को ही रद्द कर दिया है।
अदालत ने कहा कि आकृति को हिरासत में रखने के लिए पर्याप्त आधार सामने नहीं रखे गए। इतना ही नहीं, कोर्ट ने उन्हें 5 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया है। इस रकम को गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम के वेतन से वसूलने का निर्देश चर्चा में है।

मेधा रूपम कौन हैं?
मेधा रूपम उत्तर प्रदेश कैडर की 2014 बैच की IAS अधिकारी हैं। वह गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी के तौर पर काम कर रही हैं। इससे पहले वह कासगंज की जिलाधिकारी और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। मेधा रूपम के पिता ज्ञानेश कुमार हैं, जो वर्तमान में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं।
ये भी पढ़ें: 500 की रिश्वत पर ज्ञान देने वाले राहुल बंसल ने खुद घूंस में लिए 1 करोड़? IPS साहब का वीडियो हुआ वायरल
कौन हैं आकृति चौधरी?
आकृति चौधरी 25 साल की दिल्ली यूनिवर्सिटी की इतिहास की छात्रा और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनका नाम अप्रैल 2026 में नोएडा में हुए मजदूरों के आंदोलन के बाद सामने आया था। मजदूर वेतन बढ़ाने और कामकाज की बेहतर स्थिति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कई जगह हिंसा, पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई थीं।
पुलिस ने आरोप लगाया था कि आकृति ने प्रदर्शनकारियों को हिंसा के लिए उकसाया। इसके बाद उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई और 13 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी हिरासत में लिया गया। इसी मामले में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता सत्यम वर्मा पर भी रासुका लगाया गया था।
हाईकोर्ट में पहुंचा मामला
लगातार हिरासत में रखे जाने के खिलाफ आकृति चौधरी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल कर अपनी हिरासत को चुनौती दी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन और न्यायमूर्ति अचल सचदेव की खंडपीठ ने की। कोर्ट ने सरकार से पूछा कि आखिर आकृति को रासुका के तहत हिरासत में रखने का आधार क्या था और पुलिस के पास इसे साबित करने के लिए कौन से सबूत हैं।
गिरफ्तारी और हिंसा की टाइमलाइन पर उठे सवाल
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आकृति की गिरफ्तारी के समय और बाद में हुई हिंसा की घटनाओं के बीच की टाइमलाइन पर खास ध्यान दिया। सरकार ने बताया कि आकृति को 12 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 56 मिनट पर गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का आरोप था कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को पथराव और आगजनी के लिए उकसाया। लेकिन कोर्ट ने सवाल उठाया कि अगर हिंसा बाद में हुई और आकृति उससे पहले ही हिरासत में थीं, तो हिंसा में उनकी भूमिका कैसे साबित होती है।
नोटिस देने की प्रक्रिया पर भी सवाल
अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत जारी नोटिस की प्रक्रिया को भी जांचा। सरकार की ओर से बताया गया कि आकृति को धारा 130 के तहत नोटिस दिया गया था।
कोर्ट ने पूछा कि क्या इससे पहले धारा 126 के तहत जरूरी नोटिस दिया गया था। सरकार ने माना कि ऐसा कोई नोटिस नहीं दिया गया था। अदालत ने रिकॉर्ड देखने के बाद इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कई खामियां पाईं।
वीडियो और वॉट्सऐप चैट के सबूत कहां हैं?
हाईकोर्ट ने पुलिस और सरकार से ऐसे वीडियो भी पेश करने को कहा था, जिनसे यह साबित हो सके कि आकृति ने प्रदर्शनकारियों को पथराव करने या गाड़ियों में आग लगाने के लिए कहा था।
अदालत ने कथित वॉट्सऐप चैट और दूसरे दस्तावेजों को लेकर भी जानकारी मांगी। सरकार ने आरोपों के समर्थन में गवाहों के बयानों और चार्जशीट का हवाला दिया, लेकिन कोर्ट ने खास तौर पर पूछा कि क्या वीडियो में आकृति को हिंसा के लिए लोगों को उकसाते हुए दिखाया गया है।
पुलिस ने क्या दावा किया था?
आकृति की गिरफ्तारी के समय पुलिस ने दावा किया था कि उसके पास आरोपियों के खिलाफ मजबूत इलेक्ट्रॉनिक और वीडियो सबूत हैं। पुलिस का आरोप था कि आकृति और दूसरे लोगों ने मजदूरों को हिंसा के लिए उकसाया था। लेकिन हाईकोर्ट ने उपलब्ध सामग्री की जांच के बाद माना कि रासुका के तहत आकृति की हिरासत को सही ठहराने के लिए पर्याप्त सामग्री सामने नहीं रखी गई। कोर्ट ने राज्य की ओर से पेश कहानी को भी मनगढ़ंत बताया।
कोर्ट ने क्या आदेश दिया?
हाईकोर्ट ने आकृति चौधरी के खिलाफ रासुका के तहत जारी हिरासत आदेश को रद्द कर दिया। अदालत ने कहा कि अगर किसी दूसरे मामले में उनकी गिरफ्तारी जरूरी नहीं है तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।
साथ ही अदालत ने 5 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। इस रकम की वसूली जिम्मेदार अधिकारियों के वेतन से किए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्टस के अनुसार ये रुपये डीएम मेधा रूपम के वेतन से काटे जाने हैं।
ये भी पढ़ें: विदेश से पढ़ाई, राजस्थान में दबदबा! कौन हैं IAS गायत्री राठौड़, जिन्हें सौंपी गई जयपुर NEET PG मामले की जांच?


Click it and Unblock the Notifications
