Manipur Violence: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, गोलीबारी में 9 की मौत, अब तक 115 लोगों की गई जान
Manipur Firing News : मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा भड़क गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खमेनलोक में एक बार फिर से गोलीबारी हुई जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। मणिपुर हिंसा में अब तक 115 लोगों की जान जा चुकी है। कूकी और मैतेई समुदाय में 3 मई से छिड़ी हिंसा अब तक नहीं थमी है। यानी कहें तो लगभग डेढ़ महीन से हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की कई बैठकों के बावजूद मामला संभलते नजर नहीं आ रहा है।

घायलों को इलाज के लिए इंफाल ले जाया गया
बता दें कि हिंसा में घायल लोगों के इलाज के लिए मणिपुर की राजधानी इंफाल ले जाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों के शरीर पर कट के निशान देखे गए हैं। इस हिंसा की वजह से एक बार फिर से कर्फ्यू में सख्ती कर दी गई है। चप्पे चप्पे पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
इस बीच, पिछले 24 घंटों में टेंग्नौपाल और इंफाल-पूर्वी जिलों से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। मणिपुर के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह के मुताबिक अब तक कुल 1040 हथियार, 13,601 गोला बारूद और 230 तरह के बम बरामद किए गए हैं।
मैतेई और कूकी की सालों पुरानी दुश्मनी
मणिपुर पहली बार ऐसी हिंसा नहीं देख रहा है। इससे पहले भी राज्य में कई बार हिंसा भड़की है। वहीं मौतेई और कूकी समुदाय के बीच की दुश्मनी सालों पुरानी है। मैतई समुदाय की मणिपुर की बड़ी आबादी है। कूकी को डर है कि, अगर मैतेई समुदाय को एसटी वर्ग का दर्जा मिला तो वह आदिवासियों के लिए आरक्षित जंगल और जमीनों पर कब्जा कर लेंगे। कूकी आदिवासी समुदाय को आरक्षित वन भूमि से बेदखल करने को लेकर पहले भी हिंसक झड़पें हुई हैं, जिसके कारण राज्य में छोटे-बड़े आंदोलन होते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications