देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को गांववालों ने पकड़ा, कराई जबरन शादी
पटना। बिहार के एक गांव में एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव जाना उस वक्त भारी पड़ गया जब इसकी भनक गांव वालों को लग गई। गांववालों ने प्रेमिका से मिलने आए युवक की शादी करवा दी। घटना मोतिहारी जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के कोन्हिया गांव की है। मंगलवार रात पास के ही साहिबगंज गांव का रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने कोन्हिया गांव पहुंचा। इसकी भनक गांव वालों को लग गई। गांव वालों ने प्रेमिका से मुलाकात के दौरान देर रात प्रेमी को पकड़ लिया।

कई महीनों से दोनों के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग
मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के अहियापुर निवासी विकास कुमार का प्रेम प्रसंग कोन्हिया गांव निवासी दीप माला कुमारी के साथ कई महीनों से चल रहा था। मंगलवार की रात प्रेमी विकास अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर आ गया। घर घुसते ही किसी ग्रामीण ने उसे देख लिया। थोड़ी ही देर में गांव में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और प्रेमी को पकड़कर उसे बंधक बना लिया।

पंचायत ने सुनाया शादी का फरमान
इसके बाद गांव वालों ने देर रात ही पंचायत बुलाई। पंचायत ने गांव की लड़की से पहले पूछा कि क्या वह पकड़ाए लड़के से शादी करना चाहती है। जब लड़की ने हां में जवाब दिया तो पकड़ाए लड़के से पंचायत ने यही सवाल दोहराया। इस पर लड़के द्वारा भी शादी करने की हामी भरी गई। इस पर पंचायत ने दोनों की शादी करने का फैसला सुना डाला। स्थानीय मंदिर में मंगलवार को दोनों की शादी करा दी। मौके पर दोनों के परिजन शादी के गवाह बने। शादी भी अंतरजातीय हुई।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस भी रही मौजूद
गांव में जब यह पूरी घटना घट रही थी तो उस दौरान पुलिस भी वहीं पर मौजूद थी और पुलिस की मौजूदगी में पंचायत ने अपना फैसला सुनाया। जिसके बाद प्रेमी और उसकी प्रेमिका की शादी हो गई।












Click it and Unblock the Notifications