Video: पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार की धमकी, तुम्हे घर से बाहर कुत्ते की तरह घसीटकर निकालूंगी
नई दिल्ली। चुनावी मौसम में नेताओं की जुबान लगातार बेकाबू हो रही है और वह अपनी सभी मर्यादाएं पार कर रहे हैं। ताजा मामला पश्चिम बंगाल का है। यहां भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता को खुलेआम धमकी दी है। इनकी इस धमकी का वीडियो सामने आया है जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी हर कोई आलोचना कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भारती के साथ तमाम लोगों के साथ सुरक्षाकर्मी भी मौजूद हैं।

वीडियों में सुना जा सकता है कि भारती घोष टीएमसी कार्यकर्ता से कहती हैं कि तुम लोगों को वोट नहीं देने के लिए धमकी दे रहे हो। मैं तुम्हे तुम्हारे घर से कुत्ते की तरह घसीटते हुए बाहर निकालूंगी। मैं उत्तर प्रदेश के हजारों लोगों को यहां बुलाउंगी और तुम्हें पिटवाउंगी। बड़ी बात यह है कि इस वीडियो में सुरक्षा कर्मी भी उनके साथ मौजूद हैं लेकिन उनकी इस धमकी के खिलाफ कोई भी किसी तरह की आपत्ति नहीं जताता है। भारती घोष पश्चिम बंगाल के घटन सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार हैं।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें
बता दें कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी इस बार दावा कर रही है कि वह बड़ी जीत दर्ज करेगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह लगातार पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं और यहां तमाम रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। शाह खुले तौर पर ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं कि इस बार बंगाल के लोग आपके अराजक शासन काल को उखाड़ फेकेंगे। हाल ही में उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद टीएमसी को अपनी सरकार बचा पाना मुश्किल होगा। शाह ने कहा कि अगर दीदी अपनी सरकार बचा सकती हैं तो बचा लें।












Click it and Unblock the Notifications