'मैंने अपना संदेश दे दिया', उपराष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने पहुंचे बी सुदर्शन रेड्डी, किया बड़ा दावा!
Vice President Election: देश में आज उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव चल रहा है। वोटिंग की प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हो चुकी है, जबकि शाम 5 बजे के बाद वोटों की गिनती होगी। देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा इसका फैसला भी आज ही होना है। इस बीच विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी वोट डालने पहुंच गए हैं।
भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद के लिए चल रही वोटिंग में मतदान करने के बाद बी सुदर्शन रेड्डी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि, 'मैंने अपना संदेश दे दिया है। मुझे देश के लोगों से प्यार और सिविल सोसाइटी से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।'

किसने किया सबसे पहले मतदान?
सुबह 10 बजे मतदान शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले वोट डालने वाले व्यक्ति बने। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा और मतगणना शाम 6 बजे के बाद शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया काफी सरल है। सभी सांसद, चाहे वे निर्वाचित हों या मनोनीत, मतदान कर सकते हैं। वे गुप्त मतदान के जरिए मतदान करते हैं, यानि हर कोई अपनी इच्छानुसार मतदान कर सकता है, किसी दल के आधार पर नहीं।
क्या होगी क्रॉस वोटिंग?
हालांकि कागज पर तो नंबर साफ दिखते हैं, लेकिन व्यवहार में क्रॉस-वोटिंग (Cross-voting) अक्सर हो जाती है। 2022 में भी कुछ विपक्षी सांसदों ने बीजेपी के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को वोट दिया था।
बीजेपी के पास बड़ी ताकत
तब बीजेपी के पास लोकसभा में ही 300 से ज्यादा सांसद थे, इसलिए नतीजा उनके पक्ष में गया। इस बार एनडीए (NDA) के पास दोनों सदनों में मिलाकर 427 सांसद हैं।
आराम से पार होगा बहुमत का आंकड़ा
बहुमत के लिए जरूरी 386 वोट पाने में दिक्कत नहीं होगी, क्योंकि वाईएसआर कांग्रेस ने समर्थन देने की पुष्टि कर दी है। वहीं, बीआरएस और बीजेडी ने वोटिंग से दूर रहने का फैसला किया है, जिससे एनडीए को और फायदा मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications