NRC: राज्यसभा में हंगामे पर वेंकैया नायडू ने गुलाम नबी आजाद से की मुलाकात, जताई नाराजगी
नई दिल्ली: मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान एनआरसी के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। सदन में 40 लाख लोगों की नागरिकता के मामले पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राजीव गांधी ने असम समझौते पर हस्ताक्षर किये लेकिन उसको लागू करने का साहस नहीं दिखा सके, जबकि भाजपा ने इसे लागू करने का साहस दिखाया। वहीं, सदन में अमित शाह के इस बयान का कांग्रेस ने विरोध किया और जमकर हंगामा हुआ। बार-बार हंगामा होने के कारण राज्यसभा की कार्यवाही को बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: NRC पर रार: मायावती बोलीं- लोगों के पास दस्तावेज नहीं है तो क्या देश से बाहर कर देंगे?

वहीं, सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सभापति वेंकैया नायडू ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद को अपने चैंबर में बुलाया। सभापति ने कांग्रेस सांसद से एनआरसी पर चर्चा के दौरान हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने पर नाराजगी जताई, कि जिस प्रकार एक सकारात्मक चर्चा हो रही थी लेकिन बार-बार हंगामे के कारण चर्चा असल मुद्दे से भटक गई।
बता दें कि एनआरसी के मुद्दे पर सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि, कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। कांग्रेस में एनआरसी को लागू करने की हिम्मत नहीं थी। हमने इस लागू करने का साहस दिखाया। इसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ जिसके कारण राज्यसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद भी हंगामा होने लगा तो सदन को कल तक लिए स्थगित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस के पीएम में NRC लागू करने की हिम्मत नहीं थी, हमने लागू किया: अमित शाह












Click it and Unblock the Notifications