'मजे के लिए हाई स्पीड में चला रहा था कार', वडोदरा कार क्रैश से जुड़ा CCTV फुटेज आया सामने, पीड़ित ने बताई आपबीती
Vadodara Crash Case: गुजरात के वडोदरा में एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा शुक्रवार को हुआ, जब 20 वर्षीय लॉ छात्र रक्षित चौरसिया ने अपनी कार से कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। अब इस हादसे से जुड़े CCTV फुटेज सामने आए हैं, जो घटना के पहले के पलों को दिखाते हैं।

CCTV फुटेज में क्या दिखा?
CCTV वीडियो में रक्षित और उसका दोस्त एक स्कूटर पर एक दोस्त के घर पहुंचते दिख रहे हैं। रक्षित के हाथ में एक बोतल है जिससे वह कुछ पी रहा है, लेकिन बोतल में क्या था, यह साफ नहीं हो पाया है। एक अन्य फुटेज में हादसे में शामिल काली कार घर के सामने से गुजरती दिखती है और कुछ दूर जाकर रुकती है। इसके बाद रक्षित का दोस्त प्रांशु घर के अंदर जाता है। बताया जा रहा है कि दोनों वहां करीब 45 मिनट तक रुके और फिर कार से निकल गए।
ये भी पढ़ें: Tanishq Showroom में डकैती करने वाला अपराधी पहले भी कर चुका है बड़ा कांड,CCTV फुटेज के आधार पर हुई पहचान
रक्षित ने अचानक बदली ड्राइविंग सीट
सूत्रों के मुताबिक, पहले प्रांशु कार चला रहा था, लेकिन जाने से पहले रक्षित ने उससे सीट बदल ली और खुद कार ड्राइव करने लगा। प्रांशु फिर पैसेंजर सीट पर बैठ गया।
महिला की मौके पर मौत
शुक्रवार को जब रक्षित कार चला रहा था, तब उसने कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में हेमाली पटेल नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद रक्षित नशे में लग रहा था और कार से उतरकर, "एक और राउंड, निकिता, हर हर महादेव" चिल्लाता नजर आया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रक्षित को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने रक्षित और उसके दोस्त प्रांशु दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, रक्षित ने दावा किया कि वह नशे में नहीं था और उसकी कार की रफ्तार केवल 50 किमी/घंटा थी।
पहले भी कर चुका था हंगामा
पुलिस ने खुलासा किया है कि यह पहली बार नहीं है जब रक्षित ने ऐसी हरकत की है। फरवरी में भी वह और उसके दोस्त नशे में बवाल कर चुके थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पीटकर पुलिस को सौंपा था।
पीड़ितों ने बताई आपबीती!
इस हादसे में घायल विकाश केवलानी ने बताया कि हादसे में उनकी सोसाइटी के दो लोग भी थे, जिनमें से एक हेमाली पटेल थीं जिनकी इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। उनके पति की हालत गंभीर है। विकास ने कहा, "मैं और मेरी सोसाइटी के दो लोग कुछ खाने के लिए बाहर गए थे। उनमें से एक हेमाली पटेल थी, और उसके पति की हालत गंभीर है... हम अपने दोपहिया वाहन पर थे और अचानक, एक तेज रफ्तार कार ने हमारे वाहन को टक्कर मार दी... जब मैं गिरा, तो मैं होश में था और मैंने देखा कि कार ने दूसरे वाहन को भी टक्कर मार दी थी और वह हवा में उड़ गई, पति और पत्नी को गंभीर चोटें आईं।"
#WATCH | One woman has died, and four others are injured after an overspeeding four-wheeler rammed into a two-wheeler on 14th March
Gujarat: Vikas Kewalani, Vadodara Car accident victim, says, " Two people from my society and I had gone out for refreshment. One of them was… pic.twitter.com/8HRauOVq1L
— ANI (@ANI) March 17, 2025
'मजे के लिए हाई स्पीड में चला रहा था कार'
विकाश ने आगे बताया कि आरोपी रक्षित नशे में लग रहा था और महज मजे के लिए तेज रफ्तार में कार चला रहा था। उन्होंने कहा, "ऐसे मामलों में सिर्फ जुर्माना लगाना काफी नहीं है। लोग अपनी गलती तभी समझेंगे जब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मेरे भाई-बहन को फ्रैक्चर हुआ है, मेरी कोहनी भी टूट गई है। ऐसे लापरवाह लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय रक्षित ने शराब पी रखी थी या नहीं। इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: IAF Fighter Jet Crash: भारतीय वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, अंबाला एयरबेस से भरी थी उड़ान












Click it and Unblock the Notifications