देश में इस जगह 12 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया पूरा प्लान
Vadhavan Port: नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पांच बड़े फैसले लिए हैं। उन्हीं में शामिल वधावन पोर्ट से जुड़ा फैसला 12 लाख लोगों को रोजगार देने वाला साबित हो सकता है।
बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में महाराष्ट्र में हर मौसम के अनुकूल वधावन पोर्ट को विकसित करने समेत पांच बड़े फैसले लिए गए हैं।

मीडिया से बातचीत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि महाराष्ट्र के दहानू के पास वधावन में 76 हजार 220 करोड़ रुपए की लागत से एक ऑल-वेदर ग्रीनफील्ड बंदरगाह की स्थापना को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट मीटिंग में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वधावन पोर्ट बनने के बाद यह दुनिया के 10 सबसे बड़े बंदरगाह में शामिल हो जाएगा। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 12 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
समुद्र में फ्लोटिंग टर्मिनल
कैबिनेट मीटिंग में वधावन पोर्ट विकसित करने के अलावा भी कई फैसले लिए गए हैं। समुद्र में फ्लोटिंग टर्मिनल भी बनाए जाएंगे। इसके लिए मोदी सरकार ने रिन्युएबल एनर्जी के क्षेत्र में ऑफ शोर विंड प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इसकी 7453 करोड़ से गुजरात और तमिलनाडु में 500-500 मेगावाट की दो इकाई लगाई जाएगी।
फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी कैंपस
कैबिनेट मीटिंग में यह भी तय किया गया कि देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का कैंपस और लैब बनाई जाएगी। जहां हर साल 9000 छात्रों को ट्रेनिंग मिलेगी। इस पर 2254 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
वाराणसी एयरपोर्ट का विस्तार
पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। नए टर्मिनल को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। नए रनवे, हाईवे व अंडरपास बनाने में करीब 2870 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications