नए साल पर UP और दिल्ली पुलिस दे रही है अनोखे संदेश, ट्विटर पर लिखा- 'प्लान है दारू चखना, तो गाड़ी घर ही रखना'
नई दिल्ली। नया साल आने में कुछ 1 दिन की देरी है। इन सबके बीच लोग पार्टी और जश्न की तैयारियां कर रहे हैं। अमूमन हर नए साल के अगले दिन हम खबरों में यह देखते हैं कि नशे में कई बार लोगों के साथ सड़क दुर्घटना हो जाती है और उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। उनके पीछे रह जाता है रोता बिलखता परिवार। ऐसा नहीं है कि लोग नशे में सड़क पर गाड़ी चलाने को लेकर जागरूक नहीं हैं फिर भी गलतियां करते हैं और उसके परिणाम भयावह होते हैं।
Up Police का ट्विटर पर #ZaraSambhalKe अभियान
ऐसे में उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक अभियान शुरू किया है, जिसमें ग्राफिक्स और तस्वीरों का इस्तेमाल कर इस संबंध में लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है कि वो नए साल का जश्न तो मनाएं लेकिन ऐसे कि रंग में भंग ना पड़े। यूपी पुलिस ने ट्विटर पर #ZaraSambhalKe (जरा संभल के) अभियान शुरू किया गया है।
'जितनी पीएंगे शराब, उतना नीचे जाएंगे'
यूपी पुलिस की ओर से इसी अभियान के तहत कई ट्वीट किए गए हैं। राज्य में एडिशनल एसपी और पब्लिक रिलेशन अधिकारी का पद संभाल रहे राहुल श्रीवास्तव ने ट्वीट किया है- 'आप जितना ज्यादा शराब पीएंगे, उतना ही नीचें जाएंगे।' इस ट्वीट में राहुल ने एक जिफ इमेज का भी इस्तेमाल किया है।
'नए साल में हमारे लॉक अप आपका स्वागत करेंगे'
यूपी पुलिस की ओर से ट्वीट में कहा गया है कि- 'नए साल के उत्साह में किसी को अस्पताल नहीं भेजना उचित नहीं है।' एक अन्य ट्वीट में यूपी पुलिस ने लिखा है कि - 'हमारे कायदे एकदम साफ हैं, या तो आप उनका पालन करें या फिर नए साल में हमारे लॉक अप आपका स्वागत करेंगे।'
'प्लान है दारू चखना, तो गाड़ी घर ही रखना'
कुछ इसी तरह दिल्ली पुलिस भी लोगों को जागरूक कर रही है। एक ट्वीट में दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि- 'प्लान है दारू चखना, तो गाड़ी घर ही रखना।'
'एक्सीडेंट में बिगड़ेगा फेस'
इतना ही नहीं एक अन्य ट्वीट में दिल्ली पुलिस कहती है कि - 'दारू पे है भारी, तो लो कैब की सवारी।' एक और ट्वीट में दिल्ली पुलिस ने कहा है- 'मत लगाओ रोड पे रेस, एक्सीडेंट में बिगड़ेगा फेस।'
नए साल की शुभकामनाएं...
दिल्ली पुलिस ने अपने इस अभियान को नाम दिया है - #YaDrinkYaDrive (या ड्रिंक या ड्राइव)। हमारी ओर से भी आपको सलाह है कि नशे की हालत में गाड़ी कतई ना चलाएं, नए साल की शुभकामनाएं।












Click it and Unblock the Notifications