बाहुबली अतीक अहमद ने डीलर को किडनैप करवाकर जेल बुलाया, मारपीट की, FIR
नोएडा। देवरिया से रियल ऐस्टेट कारोबारी के अपहरण मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर ली गई है। राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना में पूर्व सांसद अतीक अहमद सहित छह के खिलाफ नामजद और लगभग 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि देवरिया जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक अहमद के इशारे पर उनके गुर्गों ने आलमबाग के रियल एस्टेट कारोबारी मोहित जायसवाल को 26 दिसंबर को उनकी गाड़ी समेत घर से अगवा कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर मोहित जायसवाल ने अहमद को रंगदारी देने से इंकार कर दिया था। इसी के चलते उसकी किडनैपिंग हुई है। मारपीट में मोहित की दो उंगलियां टूट गईं, साथ ही कई जगह चोटें आई हैं। आरोप लगा था कि देवरिया जेल में मोहित को ले जाकर बैरक में पीटा और कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उनकी पांच कंपनियों का मालिकाना हक दो युवकों के नाम ट्रांसफर करवा लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया और गाड़ी भी छीन ली।
कारोबारी शुक्रवार रात कृष्णानगर कोतवाली पहुंचा था और अतीक अहमद, उनके बेटे उमर समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गोमतीनगर से गिरफ्तार भी किया था। उमर और अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जानकारी देते हुए कहा, 'अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के खिलाफ व्यवसायी का अपहरण करने, मारपीट और उगाही संबंधी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो कारें भी सीज की गई हैं। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।' कृष्णानगर थाने में 147, 149, 186, 329, 445, 420, 467, 468 और 471, 394, 504 और 120बी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
करोबारी ने सुनाई आपबीती
पीड़ित कारोबारी ने आपबीती सुनाते हुए अतीक अहमद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बाद देवरिया जेल में छापेमारी भी की गई। देवरिया जेल में कथित रूप से पीटे गए मोहित जायसवाल ने 26 दिसंबर को हुई घटना को लेकर कहा, 'मुझे गोमती नगर से जबरदस्ती देवरिया जेल ले जाया गया, वहां पूर्व सांसद अतीक अहमद और उनके बेटे के अलावा 25 से 30 लोग और मौजूद थे। अतीक अहमद ने अपने आदमियों से मुझे पीटने को कहा।' मोहित ने कहा, 'मुझसे कुछ चेक्स, सादे पन्नों और कई कंपनियों के रिजाइन लेटर्स पर जबरदस्ती साइन करवाए गए। मुझे रस्सी से बांधकर जेल में पीटा गया।'
पीड़ित ने बताया, 'मैं मदद के लिए चिल्लाता रहा लेकिन कोई नहीं आया। मैंने एफआईआर दर्ज करवाई है।' पीड़ित ने आपबीती एसएसपी कलानिधि नैथानी को बताई तो उनके निर्देश पर शुक्रवार की रात को कृष्णानगर कोतवाली में अतीक अहमद, उनके बेटे उमर, गुर्गे जकी अहमद, फारूख, गुलाम सरवर और अन्य के खिलाफ अपहरण, लूट, जालसाजी और षड्यंत्र रचने का केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications