भीषण गर्मी में यूपी का बड़ा धमाका: महाराष्ट्र को पीछे छोड़ बिजली सप्लाई में बना नंबर-1!
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के मामले में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पीक डिमांड (सबसे ज्यादा मांग) के दौरान बिजली सप्लाई करने में यूपी ने महाराष्ट्र को भी पीछे छोड़ दिया है। अब उत्तर प्रदेश भारी मांग के समय देश में सबसे ज्यादा बिजली देने वाला नंबर-1 राज्य बन गया है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 मई को उत्तर प्रदेश ने 31,824 मेगावाट की पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा किया, जबकि इसी दौरान महाराष्ट्र ने 29,463 मेगावाट बिजली की सप्लाई की। यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति है और देश के किसी भी राज्य द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा भी है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मांग 11 जून, 2025 को 31,486 मेगावाट दर्ज की गई थी। भीषण गर्मी के बावजूद योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में बिना किसी रुकावट के बिजली सप्लाई सुनिश्चित कर यह उपलब्धि हासिल की है।
अधिकारियों ने बताया कि 24 मई की रात 10:29 बजे 31,824 मेगावाट की रिकॉर्ड मांग को पूरा किया गया। सरकार अब राज्य के हर घर, गांव और शहर तक निर्बाध और बेहतर क्वालिटी की बिजली पहुंचाने के प्रयासों को और तेज कर रही है।
बिजली की सप्लाई पूरी रात और अगले दिन भी लगातार बनी रही। 24-25 मई की रात 1 बजे 29,933 मेगावाट और रात 3 बजे 30,569 मेगावाट बिजली दी गई। इसी तरह 25 मई की सुबह 5 बजे 29,573 मेगावाट और सुबह 10 बजे 27,392 मेगावाट बिजली की आपूर्ति हुई। दोपहर 2 बजे भी राज्य ने 29,616 मेगावाट की मांग को आसानी से पूरा किया।
यूपीपीसीएल (UPPCL) के निदेशक (वितरण) ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि रविवार को शहरी इलाकों, तहसीलों, नगर पंचायतों, महानगरों, मंडल मुख्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली सप्लाई जारी रही। उन्होंने यह भी बताया कि बुंदेलखंड में बिजली कटौती महज 22 मिनट तक ही सीमित रही।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण इलाकों में औसतन 22 से 22.5 घंटे बिजली दी गई, जो कि तय 18 घंटे के रोस्टर से काफी ज्यादा है। इससे तपती गर्मी के बीच किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) और यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारी युद्ध स्तर पर जुटे हैं ताकि बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे ज्यादा बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बन गया है। उन्होंने माना कि तकनीकी, प्राकृतिक या मानवीय कारणों से कुछ जगहों पर स्थानीय दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारी इन समस्याओं को तुरंत दूर करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। मंत्री ने प्रदेश की जनता से भी अपील की कि वे भीषण गर्मी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम कर रहे बिजली कर्मियों का सहयोग करें और उनका उत्साह बढ़ाएं।












Click it and Unblock the Notifications