UP पुलिस के 'सिंघम' IPS अफसर अजय पाल शर्मा पर महिला ने लगाए संगीन आरोप, FIR दर्ज
नई दिल्ली। यूपी के सिंघम के नाम से मशहूर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी अजय पाल शर्मा के खिलाफ राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया गया है, अजय पाल शर्मा पर भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 201 और 120बी के तहत केस दर्ज हुआ है।

IPS अफसर अजय पाल महिला ने लगाए संगीन आरोप
उनके खिलाफ दीप्ति शर्मा नाम की महिला ने केस किया है, जो कि खुद को अजय पाल शर्मा की पत्नी होने का दावा कर रही हैं, उनका कहना है कि उन्होंने साल 2016 में अजय पाल शर्मा के साथ शादी की थी, यह एक रजिस्टर्ड मैरिज थी, जो कि गाजियाबाद में हुई थी।

'अजय पाल ने अपनी हैसियत का गलत यूज किया'
दीप्ति शर्मा गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित आस्था अपार्टमेंट में रहती हैं और दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही हैं, दीप्ति का कहना है कि शादी के बाद अजय पाल से उनके रिश्ते कुछ बातों को लेकर खराब हो गए थे, जिसके लिए वो महिला आयोग भी गई थीं, उन्होंने अजय पाल की शिकायत पुलिस विभाग और सुप्रीम कोर्ट में भी की थी।

अजय पाल के खिलाफ गबन और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में FIR दर्ज
दीप्ति का कहना है कि उस वक्त अजय पाल शर्मा उसे काफी वक्त से परेशान कर रहे हैं, उन्हीं के इशारे पर रामपुर सिविल थाने के कुछ लोग गाजियाबाद स्थित उनके घर आए थे और लैपटॉप के साथ कई जरूरी सबूत उठाकर चले गए थे, फिलहाल विशेष सचिव गृह अनिल कुमार सिंह के निर्देश पर हजरतगंज पुलिस ने IPS अजय पाल के खिलाफ गबन, आपराधिक साजिश और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में FIR दर्ज की है।

एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहे जाते हैं अजय शर्मा
गौरतलब है कि पुलिस महकमे में अजय शर्मा को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहा जाता है, उनके नाम 100 से अधिक एनकाउंटर दर्ज हैं, अजय शर्मा के खिलाफ हाल ही में नोएडा से हटाए गए आईपीएस वैभव कृष्ण ने भी संगीन आरोप लगाए हैं, उन्होंने जिन पांच अफसरों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, उनमें अजय पाल शर्मा भी शामिल हैं, इनके खिलाफ एसआईटी जांच भी हुई थी, जिसमें अजय पाल के खिलाफ भी सबूत मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications