#ExitPoll2017: अगर हुआ 'बुआ' और 'बबुआ' का मिलन, तो क्या होगा?
अखिलेश ने संकेत दिए कि चुनाव परिणामों मे यदि उन्हें बहुमत नहीं मिलता है तो राष्ट्रपति शासन की जगह वो मायावती से हाथ मिलाना पसंद करेंगे।
लखनऊ। गुरूवार को आए एग्जिट पोल के नतीजों ने सपा खेमे में खलबली मचा दी है और इस खलबली का ही नतीजा ये रहा कि अखिलेश बाबू के मुंह से वो निकल गया जो उनके मन में चल रहा है।

मायावती से हाथ मिलाना पसंद करेंगे
बेचैनी और हड़बड़ाहट में अखिलेश ने बीबीसी से कहा कि कोई भी यह नहीं चाहेगा कि यूपी में राष्ट्रपति शासन लागू हो और बीजेपी रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाए। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि चुनाव परिणामों मे यदि उन्हें या किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलता है तो राष्ट्रपति शासन की जगह वो मायावती से हाथ मिलाना पसंद करेंगे।

'बबुआ' अपनी 'बुआ' की मदद ले सकता है
मतलब साफ है कि बीजेपी को रोकने के लिए यूपी का 'बबुआ' अपनी 'बुआ' की मदद ले सकता है और कहते है ना कि 'बुआ' को भी भाई से ज्यादा 'बबुआ' से प्रेम होता है इसलिए मायावती भी शायद अपने अखिलेश की ममता में पिघल जाए।

खराब नहीं रहे माया-अखिलेश के रिश्ते
माया बनाम मुलायम की जंग बहुत तीखी और खराब रही है लेकिन अखिलेश यादव ने कभी भी मायावती के खिलाफ बदले और नफरत की राजनीति नहीं की है। साल 2012 में जब अखिलेश मुख्यमंत्री बने थे, तो उसके बाद सभी को लगा था, कि अब अखिलेश, मायावती से बदला लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

'बुआ' और 'बबुआ' का दौर
अखिलेश हमेशा निशाना साधने के लिए मायावती को 'बुआ' बुलाते रहे लेकिन किसी भी रैली में उन्होंने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया तो वहीं मायावती भी पलटवार के तौर पर अखिलेश को 'बबुआ' ही पुकारती आयी हैं लेकिन उन्होंने कभी भी उसे फटकार नहीं लगाई।

गठबंधन सरकार का इति्हास
यूपी में गठबंधन की सरकार का इतिहास रहा है। साल 1993 में माया और मुलायम ने मिलकर सरकार बनाई थी लेकिन ये और बात है कि ये गठबंधन ऐसे टूटा जिसने माया के अंदर मुलायम सरकार के खिलाफ जहर का बीज बो दिया, वो आज भी 'गेस्ट हाउस कांड' को भूली नहीं हैं लेकिन अखिलेश के प्रति उनका रवैया जरूर नरम दिखता है। इसलिए बुआ और बबुआ के साथ आने के कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि बुआ को समझ में आ चुका है कि सपा अब अखिलेश की है मुलायम की नहीं इसलिए हाथ मिलाया जा सकता है। फिलहाल ये कयासों का दौर हैं देखते हैं यूपी में हाथी की चाल क्या होती है और साइकिल पंचर होने से कैसे बच सकती है?












Click it and Unblock the Notifications