राहुल गांधी के चीन वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पंडित नेहरू को कटघरे में किया खड़ा
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से पैसा लिया था, यह एक तरह का भ्रष्टाचार है।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक बार फिर से राजीव गांधी फाउंडेशन पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से पैसा लिया था, यह एक तरह का भ्रष्टाचार है। जिस तरह से पंडित नेहरू और काग्रेस की सरकार में हमारी जमीन चीन के कब्जे में गई, वह सभी को पता है। राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। दरअसल जिस तरह से भारत और चीन के सैनिकों के बीच तवांग में भिड़ंत की खबर सामने आई थी, उसके बाद कांग्रेस और राहुल गांधी केंद्र सरकार पर हमलावर है।
दरअसल राहुल गांधी ने कहा कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा मुझे जो दिख रहा है, जो चीन की चुनौती है वह बिल्कुल साफ है, यह मैं पिछले 2-3 साल से कह रहा हूं। सरकार उसे छिपाने की कोशिश कर रही है, सरकार उसे नजरअंदाज कर रही है। चीन की पूरी तैयारी चल रही है, लद्दाख और अरुणाचल की तरफ चीन की तैयारी चल रही है, हिंदुस्तान की सरकार सोई हुई है, इस बात को हिंदुस्तान की सरकार सुनना नहीं चाहती है। लेकिन उनकी तैयारी चल रही है, तैयारी युद्ध का है, यह तैयारी घुसपैठ की नहीं है।
अगर कोई भी इन बातों को समझता है, उनके हथियारों के पैटर्न को देखें तो वह युद्ध की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस बात को छिपा रही है, वह इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही है। हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक तौर पर काम नहीं कर रही है, वह इंवेट आधारित काम कर रही है। जब अंतरराष्ट्रीय संबंध की बात आती है तो वहां पर इवेंट काम नहीं करता है, वहां पर ताकत काम आती है।












Click it and Unblock the Notifications