स्लोवाकिया के लिए रवाना हुए किरेन रिजिजू, कहा-भारतीयों को सुरक्षित लाना हमारा उद्देश्य
नई दिल्ली, 01 मार्च: केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को वहां से निकालने के मिशन की निगरानी के लिए एक विशेष दूत के रूप में मंगलवार को स्लोवाकिया के लिए रवाना हो गए हैं। विदेश रवाना होने से पहले केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दूत के रूप में हम स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री को अपना संदेश देंगे, क्योंकि उनकी सरकार की मदद के बिना हम इस ऑपरेशन का संचालन नहीं कर सकते।

स्लोवाकिया के लिए रवाना होने से पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि हम स्लोवाकिया जा रहे हैं, वहां जो ऑपरेशन होगा, उसका समन्वय करेंगे और PM मोदी का संदेश वहां के प्रधानमंत्री को सौंपेंगे। वहां की सरकार के सहयोग के बिना ये ऑपरेशन मुश्किल होगा। हमारे राजदूत लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम निकासी अभियान के लिए दूसरे देश से पूरा तालमेल बैठाएंगे। हमारे भारतीय नागरिक यूक्रेन से आएंगे, इसलिए उन्हें वीजा और सभी कागजी कार्यों का सामना करना पड़ेगा, इसलिए हमें अपने नागरिकों की मदद के लिए स्लोवाकिया सरकार के समर्थन की आवश्यकता है।
स्लोवाकिया पीएम से की मोदी ने बात
उन्होंने ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य हमारे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित मार्ग प्रदान करना है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने स्लोवाकियाई समकक्ष एडुआर्ड हेगर से बात की और यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में स्लोवाक गणराज्य द्वारा प्रदान की गई सहायता और भारत से विशेष निकासी उड़ानों की अनुमति के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही पीएम मोदी ने हेगर को भारतीय नागरिकों के निकासी प्रयासों की निगरानी के लिए अपने विशेष दूत के रूप में किरेन रिजिजू की तैनाती के बारे में भी बताया।
यूक्रेन की सीमा पर लगे देशों के लिए विशेष दूत तैनात
इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद करने के लिए हंगरी के बुडापेस्ट पहुंचे। बता दें कि यूक्रेन की सीमा से लगे 4 देशों के लिए भारत सरकार की ओर से विशेष दूत तैनात करने का निर्णय लिया है। सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें तय किया गया था कि मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोल्दोवा, किरेन रिजिजू का स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी का हंगरी और वीके सिंह का पोलैंड जाकर यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने का प्रबंधन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications