Union Budget: बेटी को बजट पेश करते देखने संसद पहुंचे निर्मला सीतारमण के माता-पिता
नई दिल्ली। देश की पहली महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करने जा रही हैं। इस मौके पर निर्मला सीतारमण के माता-पिता भी संसद पहुंचे हैं। निर्मला सीतारमण की मां सावित्री सीतारमण और पिता नारायणन सीतारमण आज बजट पेश होने के दौरान संसद में मौजूद रहेंगे और अपनी बेटी को देश का बजट पेश करते हुए सुनेंगे। बता दें निर्मला सीतारमण पहली बार देश का बजट पेश करने जा रही है। आज के बजट पर देशभर की निगाहें टिकी हैं, लोगों को इस बात का इंतजार है कि सरकार आज के बजट में क्या बड़ा ऐलान करती है।

माना जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में अपने पहले आम बजट में अर्थव्यवस्था में तेजी लाने, किसानों की आय में बढ़ोतरी करने, सरकारी निवेश में बढ़ोतरी करने के साथ ही निजी निवेश आकर्षित करने के उपाय करने, उपभोग बढ़ाने की नीति अपनाने और वेतनभोगियों को आयकर और विभिन्न मदों में छूट के जरिये खुश करने की कोशिश कर सकती हैं।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री हैं, हालांकि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहने के साथ-साथ वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाला था और देश का बजट पेश किया था। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी ने कुछ वक्त के लिए वित्त मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय अपने पास रखे थे, लेकिन निर्मला सीतारमण के पास अगले 5 सालों के वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications