Union Budget 2025: बिहार के लिए हुई बजट घोषणा पर बंट गया INDIA bloc? अलग-अलग राग अलाप रही कांग्रेस-RJD
Union Budget 2025: केंद्रीय बजट में शनिवार को बिहार के लिए हुई घोषणाओं से इंडिया ब्लॉक में दो प्रमुख सहयोगी कांग्रेस और आरजेडी में तालमेल टूट गया है। कांग्रेस कह रही है कि जैसे सबकुछ बिहार को ही दे दिया गया है, वहीं आरजेडी का दावा है कि राज्य के लिए कुछ भी नई घोषणा नहीं की गई है।
बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और लगता है कि केंद्रीय बजट से विपक्षी इंडिया ब्लॉक बुरी तरह से बैकफुट पर है और उसे समझ नहीं आ रहा है कि इसपर किस तरह से लाइन लेकर केंद्र और बिहार में एनडीए की सरकार को घेरा जाए। दूसरी तरफ बजट में बिहार के लिए किए गए प्रावधानों से सत्ताधारी एनडीए गदगद है।

Union Budget 2025: केंद्रीय बजट 2025-2026 में बिहार के लिए हुई बड़ी घोषणाएं
केंद्र सरकार ने बिहार के लिए मखाना बोर्ड के गठन की घोषणा की है। यह बिहार के मिथिलांचल इलाके के लिए बहुत बड़ी घोषणा है, क्योंकि यहां से मखाने की सप्लाई तो दुनिया भर में होती है, लेकिन आजतक इसके लिए कोई व्यवस्थित प्रणाली मौजूद नहीं है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट घोषणा में कहा है कि मखाना बोर्ड के गठन से मखाना उत्पादक किसानों को विभिन्न तरह की सरकारी योजनाओं का फायदा मिलेगा।
इसके अलावा बिहार में एक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी,एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट की स्थापना का भी एलान किया गया है। यह भी बिहार के पूर्वी इलाके में स्थापित होगा।
इसके अलावा बिहार में मौजूदा एयरपोर्ट के विकास के साथ ही ग्रीनफिल्ड एयरपोर्ट बनाने की भी घोषणा हुई है।
इसके साथ वेस्टर्न कोशी कैनाल प्रोजेक्ट के लिए भी वित्तीय मदद का एलान किया गया है। इससे मिथिलांचल क्षेत्र में 50,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किसानों को सहायता मिलेगी। पिछले बजट में भी बिहार के लिए केंद्र ने खजाना खोल दिया था, जिसपर काम चल ही रही है।
Union Budget 2025: सिर्फ टैक्स देने वाला मिडिल क्लास और बिहार के वोटर बजट का करेंगे स्वागत-कांग्रेस
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम को बिहार के लिए हुई ये घोषणाएं रास नहीं आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि,'2025-26 के बजट से यह पता चलता है कि बीजेपी टैक्स देने वाले मिडिल क्लास और बिहार के वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रही है। इन घोषणाओं का 3.2 करोड़ टैक्स देने वाला मिडिल क्लास और 7.65 करोड़ बिहार के वोटर स्वागत करेंगे। बाकी भारत के लिए ,वित्त मंत्री के पास सिर्फ सांत्वना देने वाले शब्द थे,जिन्हें प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीजेपी सदस्यों की तालियों ने विराम दिया।'
Union Budget 2025: आरजेडी अलाप रही है कांग्रेस से अलग राग, तेजस्वी बोले सिर्फ 'रिपैकेजिंग' कर दी है
जहां, एकतरफ कांग्रेस कह रही है कि यह बिहार के वोटरों को लुभाने वाला बजट है, वहीं उसकी सहयोगी और बिहार में इंडिया ब्लॉक की अगुवा राजद का कहना है कि केंद्र ने कुछ नहीं किया है, सिर्फ पुरानी घोषणाओं की ही 'रिपैकेजिंग' कर दी है।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'हमें नहीं पता कि पिछले साल जो 59,000 करोड़ रुपए का वादा किया गया था, वह कहां खर्च हुआ। हम मुख्यमंत्री से बिहार के लिए बेहतर सौदे की उम्मीद नहीं कर सकते, क्योंकि वह अब अपने में भी होश में नहीं हैं और यह समझने की क्षमता भी खो चुके हैं कि ताली (पुरानी घटना से जोड़कर) कहां नहीं बजानी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications