आम बजट के बाद दिल्ली में विपक्षी की बैठक, सोनिया गांधी भी रहीं मौजूद
नई दिल्ली। 2018-19 का बजट पेश होने के बाद संसद भवन परिसर में मुख्य विपक्षी दलों की बैठक हुई। बैठक के बाद गुलाम नबी आजाद ने बताया कि देशहित के मुद्दों पर विपक्ष एक रहे, इसी को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी ने बैठक में जनता के मुद्दों पर एक होकर लड़ने और नफरत की राजनीति करने वालों से मिलकर मुकाबला करे की बात कही है। बैठक में 18 विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बैठक में शामिल रहे। बताया जा रहा है कि बजट के बाद विपक्ष की एकजुटता दर्शाने और बजट के बाद सरकार को घेरने की रणनीति के लिए ये बैठक बुलाई गई। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को 2018-19 का बजट पेश किया है। 2019 के आम चुनावों से पहले ये मोदी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट है।

सोनिया ने फिर दिखाई सक्रियता
बैठक में बजट पेश होने के बाद अब बजट सत्र के दौरान विपक्ष की क्या रणनीति होगी और सभी दलों का एक कॉमन एजेंडा क्या होगा इस पर चर्चा की जाएगी। बैठक से संदेश दिया जा रहा है कि पूरा विपक्ष इस समय एकजुट है, साथ ही यूपीए के तमाम सहयोगी दलों को यह संदेश भी देने की कोशिश की जाएगी कि अभी भी पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राजनीति में सक्रिय हैं और अपनी भूमिका निभा रही हैं। सोमवार को एनसीपी नेता शरद पवार के घर तमाम विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। विपक्ष को एकजुट करने की कोशिशों के तहत ही ये बैठक हुई।

राजस्थान से विपक्ष को मिली है राहत भरी खबर
राजस्थान में दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव ने कांग्रेस ने सत्ताधारी पार्टी को जबरदस्त पटकनी दी है। कांग्रेस मे अलवर और अजमेर लोकसभा सीटों के साथ मांडलगढ विधानसभा पर कब्जा जमा लिया है। सभी सीटों पर बड़े अंतर से कांग्रेस ने जीत हासिल की है। ऐसे में माना जा रहा है कि विपक्ष की बैठक में इन नतीजों पर भी चर्चा हो सकती है, जो कि विपक्ष के लिए हौंसला बढ़ाने वाले हैं।

भाजपा संसदीय दल की भी बैठक
गुरुवार शाम को ही भाजपा संसदीय दल की भी बैठक हुई है। दिल्ली में हो रही बैठक हो रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मीटिंग में पहुंचे। बैठक के लिए गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे का वक्त तय हुआ था। आम बजट और राजस्थान उपचुनाव के नतीजों के बाद ये बैठक हो रही है। बैठक में पार्टी के सभी सांसदों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में इस बात को लेकर चर्चा होगी कि आम बजट में जनता के लिए क्या है, इसे किस तरह से सांसद अपने अपने संसदीय क्षेत्रों में बताएंगे।












Click it and Unblock the Notifications