किसानों से आज केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे आंदोलन खत्म करने की अपील
नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलित हैं। किसानों और सरकार के बीच चल रहा गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। किसानों की मुख्य मांग है कि सरकार ने जो तीन नए कानून बनाए हैं उसे वापस लिया जाए, लेकिन सरकार अपने फैसले पर अडिग कि वह इन कानूनों को वापस नहीं लेगी। किसान नेता और सरकार के बीच कई दौर की बैठक भी हो चुकी है लेकिन अभी तक किसी भी तरह का हल नहीं निकल सका है। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर किसानों से अपना आंदोलन खत्म करने की अपील करेंगे साथ ही वह मीडियो को संबोधित भी करेंगे। सूत्रों के अनुसार नरेंद्र तोमर किसानों से अपना आंदोलन खत्म कर सरकार के साथ मिलकर काम करने की अपील करेंगे।

वहीं किसानों ने आंदोलन को नए सिरे से तेज करने के लिए जो घोषणा की है, उसके तहत वे 12 दिसंबर को 'दिल्ली घेराव' की योजना के मद्देनजर दिल्ली-जयपुर और दिल्ली आगरा हाइवे जाम करेंगे। 12 दिसंबर को ही वह देश के सभी टॉल प्लाजा को फ्री कर देंगे यानि उसपर कोई टैक्स नहीं दिया जाएगा। इस दिन किसान सभी टॉल प्लाजा पर धरना भी देंगे। वहीं 14 दिसंबर को किसानों ने देशव्यापी व्यापक विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। इसके तहत देशभर में भाजपा दफ्तरों का घेराव और प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही साथ बीजेपी के सभी सांसदों और विधायकों का विरोध किया जाएगा। किसान संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस दिन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड के किसान जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरने पर बैठेंगे। साथ ही दूसरे राज्यों के किसान 14 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। आंदोलन को बड़ा बनाने के लिए देश के अलग-अलग इलाकों के किसानों को भी बुलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications